रघुवर को पोस्टर ब्वॉय बताया हेमंत ने

रांची : जब सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री आवास में दावत का दौर चल रहा था, उसी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 29 Dec 2017 05:48 PM (IST) Updated:Fri, 29 Dec 2017 05:48 PM (IST)
रघुवर को पोस्टर ब्वॉय  बताया हेमंत ने
रघुवर को पोस्टर ब्वॉय बताया हेमंत ने

रांची : जब सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री आवास में दावत का दौर चल रहा था, उसी वक्त पड़ोस में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री रघुवर दास को पोस्टर ब्वॉय बता रहे थे। लगभग आधे घंटे के संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने सरकार की हर स्तर पर मोर्चाबंदी की। मीडिया को भी साहस दिखाने की नसीहत दे डाली तो लगे हाथों सरकार को चुनौती भी दी। कहा, आदिवासियों-मूलवासियों की जमीन व अधिकार हड़पने की साजिश मुख्यमंत्री ने जारी रखी तो हमारे तरकश के तीर सोये नहीं रहेंगे। ऐसा महाभारत होगा, जैसा पहले कभी नहीं हुआ।

नेता प्रतिपक्ष ने नौकरशाही और कैबिनेट को एक साथ घेरने की कोशिश की। दावा किया कि राज्य सरकार के अफसर पॉलिटिशियन हो गए हैं। नौकरशाहों का स्थान मंत्रियों ने ले लिया है। बजट पूर्व संगोष्ठियों में सांसदों एवं विधायकों को अपनी बातें रखने की इजाजत नहीं होती। इन मंचों से नौकरशाह जनता से संवाद करते हैं और यह सब मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होता है। सवाल उठाया कि यही लोकतंत्र है जहां नौकरशाह हेलिकाप्टर में लदकर जाते हैं और मंत्रियों, सांसदों व विधायकों को सड़क मार्ग से आने को कहा जाता है। राज्य के वरीय पुलिस अफसर चुनाव में सत्तारूढ़ दल के लिए वोट की व्यवस्था करते हैं। चुनाव आयोग ने इनके खिलाफ कार्रवाई को पत्र लिखा। अभी तक प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को विज्ञापन में हीरो और धरातल पर जीरो बताया।

अराजक शासन का किया दावा

नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन के बयान तल्ख और आक्रामक थे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अराजकता, अनियंत्रित कानून-व्यवस्था, महंगे आयोजन और असंसदीय भाषा सरकार की उपलब्धियां हैं। इस दौरान अपराधी दिनदहाड़े हत्या, लूट और बलात्कार को अंजाम देते रहे। पुलिस फर्जी मुठभेड़ में बेगुनाह लोगों को मारती रही। बकोरिया में 12 निर्दोष लोगों और गिरिडीह में मोतीलाल बास्की नामक युवक को पुलिस ने नक्सली बताकर मार दिया। अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे लोगों का दमन किया गया। विकास के नाम पर सरकारी खजाने की लूट सरकार करती रही। मुख्यमंत्री विदेशों की सैर करते रहे। तंज कसा कि वे शासन के पखवाड़े, महीने, सालगिरह और हजार दिन का जश्न मनाने में मस्त रहे।

मोमेंटम की कराएं जांच, खनिज विभाग में हो रहा घोटाला

नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने मोमेंटम झारखंड के आयोजन में घोटाले का दावा किया है। उन्होंने कहा कि महालेखाकार से पूरी जांच कराई जाए। तमाम आयोजन में टेंट घोटाला हुआ है। यह भी कहा कि खनिज विभाग में अनियमितता की भरमार है। न्यायिक आयोग के जरिए इसकी जांच कराई जाए। मुख्यमंत्री ने बस चेहरा दिखाने और चमकाने में 40 करोड़ रुपये खपा दिए। मोमेंटम झारखंड के दौरान दो दिन के भोजन पर पौने दो करोड़ रुपये का खर्च हो गया। सरकार को बताना चाहिए कि लोगों को क्या खिलाया गया कि करोड़ों के बिल आए।

chat bot
आपका साथी