रिम्स परिसर में दुष्कर्म का प्रयास

सदर डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।

By BabitaEdited By: Publish:Sat, 10 Mar 2018 12:50 PM (IST) Updated:Sat, 10 Mar 2018 12:50 PM (IST)
रिम्स परिसर में दुष्कर्म का प्रयास
रिम्स परिसर में दुष्कर्म का प्रयास

रांची, जेएनएन। रिम्स परिसर में मरीज के परिजन के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पोस्टमार्टम विभाग के पीछे बीती शाम पुरुलिया की रहने वाली शादीशुदा महिला के साथ ऐसा किया गया। महिला स्कीन विभाग में अपने पिता का इलाज करा रही है। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को सदर डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव, बरियातू इंस्पेक्टर जांच के लिए रिम्स परिसर पहुंचे थे। मौके का मुआयना किया। डीएसपी ने रिम्स के गार्ड अंजनी और सुपरवाइजर से पूरे मामले में पूछताछ की। महिला का भी बयान लिया गया है। महिला के बयान पर बरियातू थाना में पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर, सदर डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।

पानी पीने गई तो युवकों ने महिला का पकड़ा हाथ 

पुलिस ने बताया कि गुरुवार की शाम महिला सर्जरी वार्ड से निकलकर पानी पीने गई थी। पांच की संख्या में अज्ञात युवक थे। युवकों ने महिला का हाथ पकड़ कर गलत काम करने की नियत से उसे पोस्टमार्टम विभाग के पीछे तरफ ले जाने लगा। महिला ने अपने बचाव के लिए शोर मचाई। आवाज सुनकर पोस्टमार्टम विभाग से गार्ड अंजनी निकला। गार्ड को देख युवक कुछ पल के लिए चौंके। इसके बाद गार्ड ने मामले की जानकारी अपने सुपरवाइजर को दी। सूचना पर सुपरवाइजर अन्य गार्ड के साथ मौके पर पहुंचे। मगर, तब तक सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

विभिन्न संगठनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

परिजन के साथ दुष्कर्म के प्रयास के विरोध में शुक्रवार को सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रिम्स निदेशक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। उन्होंने रिम्स में मरीजों के प्रति सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और रिम्स प्रबंधन के खिलाफ रिम्स परिसर में प्रदर्शन भी किया। सामाजिक संगठन के सदस्यों ने रिम्स निदेशक डॉ. आरके श्रीवास्तव से मिलकर दोषियों की पहचान करते हुए सजा दिलाने की मांग की है, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने को कहा। रिम्स निदेशक को पांची सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए संगठनों ने रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया, सुरक्षा में लगी एजेंसी को हटाने को कहा। कार्यकर्ताओं ने चिकित्सकों द्वारा निजी प्रैक्टिस को बंद करने एवं नियमित रूप से रिम्स में ड्यूटी देने के अलावा रिम्स में ठेकेदारी प्रथा को खत्म कराने की मांग की है। इस मौके पर गौतम तिवारी, रुना शुक्ला, जय श्रीवास्तव सहित अन्य उपस्थित थे। 

जांच के लिए गठित कमेटी की आज आएगी रिपोर्ट 

गुरुवार को महिला संग दुष्कर्म के प्रयास के मामले को रिम्स प्रबंधन ने गंभीरता से लिया। जांच करने के  लिए टीम गठित की गई। 24 घंटे के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। कमेटी तीन सदस्यीय होंगे। अध्यक्ष रिम्स के उप निदेशक गिरिजाशंकर प्रसाद, सदस्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके चौधरी और उपाधीक्षक डॉ. गोपाल श्रीवास्तव होंगे। शनिवार को टीम इस मसले पर जांच कर रिपोर्ट सौंप देगी।

chat bot
आपका साथी