दीपक कुमार बने रांची के नए डीएसपी, अमित कुमार झारखंड जगुआर भेजे गए
Jharkhand Police News Hindi Samachar राज्य के पांच डीएसपी का स्थानांतरण रद किया गया है। इसका नया आदेश निकला है। इन पांचों डीएसपी का स्थानांतरण आदेश 26 मई को जारी हुआ था लेकिन मूवमेंट आर्डर रोक दिया गया था।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के पांच डीएसपी का पूर्व के स्थानांतरण आदेश को रद करते हुए नया आदेश जारी किया गया है। इन पांचों डीएसपी का स्थानांतरण आदेश 26 मई को जारी हुआ था, लेकिन मूवमेंट ऑर्डर (गत्यादेश) रोक दिया गया था। अब गृह विभाग ने नई अधिसूचना जारी कर दी है। नए आदेश के अनुसार रांची के नए डीएसपी सिटी दीपक कुमार-2 बनाए गए हैं। वहीं, रांची के डीएसपी सिटी अमित कुमार को झारखंड जगुआर में डीएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है। दीपक कुमार का स्थानांतरण पहले गिरिडीह के खोरी महुआ के एसडीपीओ के पद हुआ था।
जारी अधिसूचना के अनुसार डीएसपी राजकुमार मेहता, जिनका पदस्थापन डीएसपी अभियान चतरा के पद पर हुआ था, उसे विलोपित करते हुए उन्हें डीएसपी जैप-7 हजारीबाग बनाया गया है। इसी तरह विकास चंद्र श्रीवास्तव का तबादला आइआरबी-4 के पद पर हुआ था, जिसे रद करते हुए अब उन्हें अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में डीएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है। डीएसपी मुकेश कुमार महतो को पहले सीटीसी मुसाबनी में डीएसपी बनाया गया था, उस आदेश को रद करते हुए उन्हें गिरिडीह के खोरी महुआ का एसडीपीओ बनाया गया है।
रांची के सिविल सर्जन रहे डाॅ. वीबी प्रसाद का पदस्थापन निदेशालय में
स्वास्थ्य विभाग ने रांची के सिविल सर्जन रहे डाॅ. विजय बिहारी प्रसाद का पदस्थापन स्वास्थ्य निदेशालय में उपनिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं के पद पर कर दिया है। वे पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे। बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर जब पीक पर थी तो उस समय अचानक तबीयत खराब हाेने के कारण उन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। इस कारण उनकी जगह पर डाॅ. विनोद कुमार को सिविल सर्जन पद का प्रभार दिया गया था।