जब मुख्यमंत्री आवास के पास कोई सुरक्षित नहीं तो अन्य जगहों पर क्या होगा हाल : राज्यपाल
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राज्य में बढ़ते अपराध की घटनाओं पर चिंता और नाराजगी जताई है।
रांची । राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राज्य में बढ़ते अपराध की घटनाओं पर चिंता और नाराजगी दोनों जाहिर की है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास के सामने पुलिस मुखबिर की गोली मारकर की गई हत्या की घटना से नाराज राज्यपाल ने शनिवार को शाम में पुलिस महानिदेशक सहित तमाम वरीय पुलिस पदाधिकारियों को तलब किया। उन्होंने राज्य में दुष्कर्म व हत्या की घटनाओं को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही चेताया भी कि राज्य में विधि व्यवस्था अविलंब मजबूत की जाए। राज्यपाल ने साफ-साफ कहा कि राज्य में दुष्कर्म, हत्या सहित अन्य आपराधिक घटना में वृद्धि होना राज्य की बेहतर विधि-व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी चुनौती है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सवाल किया कि मुख्यमंत्री आवास जैसे अत्यन्त संवेदनशील तथा हाई सिक्युरिटी जोन में गोली चलने की घटना से आम लोगों में विधि-व्यवस्था के सन्दर्भ में क्या धारणा बनी होगी? पुलिस प्रशासन और सरकार के प्रति क्या धारणा बनी होगी? अधिकारियों के पास इसका कोई जवाब नहीं था। अधिकारियों में डीजीपी डीके पांडेय के साथ सीआइडी के एडीजी अजय कुमार सिंह, रांची प्रक्षेत्र के आइजी नवीन कुमार सिंह, डीआइजी अमोल वीनुकांत होमकर आदि मौजूद थे। शर्मसार करती है पुलिस की निष्क्रियता राज्यपाल ने चंद्रपुरा, बोकारो में घटित सामूहिक दुष्कर्म की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटना राज्य को शर्मसार करती है। पुलिस प्रशासन को महिला सुरक्षा की दिशा में सक्रियता दिखानी होगी। साथ ही धनबाद में झाविमो नेता की हत्या, हुसैनाबाद, पलामू में माया देवी हत्याकाड की घटना को लेकर भी नाराजगी प्रकट की। उन्होंने राज्य में दुष्कर्म, हत्या जैसे अन्य अपराध पर शीघ्र नियंत्रण कायम करने के लिए तत्परता से काम करने का सख्त निर्देश दिया। मजबूत करें खुफिया तंत्र राज्यपाल ने पुलिस के खुफिया तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया ताकि इस तरह की घटनाएं न हो। उन्होंने अपराधियों को पकड़ने में भी पुलिस को तत्परता दिखाने का निर्देश दिया। कहा कि राज्य की बेहतर छवि एवं विकास के लिए भयमुक्त एवं अपराधमुक्त समाज का होना जरूरी है। पत्थलगड़ी पर नियंत्रण के लिए क्या किया राज्यपाल ने खूंटी तथा कोल्हान क्षेत्र में पत्थलगड़ी पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे कायरें की भी जानकारी ली। डीजीपी ने दिया सुधार का आश्वासन मौके पर डीजीपी ने विधि व्यवस्था में सुधार का आश्वासन राज्यपाल को दिया। बताया कि चंद्रपुरा-बोकारो सामूहिक दुष्कर्म कांड के चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री आवास के सामने हुई हत्या मामले में भी एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही इन सभी मामलों का खुलासा कर दिया जाएगा। ----