26 मई को कांग्रेस मनाएगी विश्वासघात दिवस

रांची : पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतें केंद्र सरकार के लिए सिरदर्द बनती जा रही हैं। इसको लेकर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 May 2018 08:22 PM (IST) Updated:Wed, 23 May 2018 08:22 PM (IST)
26 मई को कांग्रेस मनाएगी विश्वासघात दिवस
26 मई को कांग्रेस मनाएगी विश्वासघात दिवस

रांची : पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतें केंद्र सरकार के लिए सिरदर्द बनती जा रही हैं। इसको लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार को घेरने के मूड में नजर आ रही है। कांग्रेस ने इसके विरोध में 26 मई को विश्वासघात दिवस मनाने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम पूरे देश में होगा। झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आलोक दूबे ने प्रेसवार्ता के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमत से महंगाई भी बढ़ेगी। जब यूपीए की सरकार थी, तो भाजपा ने इसी को मुद्दा बनाया था। लेकिन अब भाजपा के प्रवक्ता कहते हैं कि समय के साथ मुद्दे बदलते रहते हैं। यह भाजपा के लिए चुल्लू भर पानी में डूब मरने के समान है। भाजपा ने लोगों के साथ विश्वासघात किया है। इसलिए मोदी सरकार के चार साल पूरे होने के दिन को कांग्रेस विश्वासघात दिवस के रूप में मनाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से 26 मई को राज्य मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय पर विश्वासघात दिवस मनाया जाएगा। राज्य मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार व आलमगीर आलम के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की बढ़ती कीमत के लिए मोदी सरकार एवं राज्य सरकार जिम्मेदार है। क्योंकि 2014 से अब तक मोदी सरकार पेट्रोलियम पदार्थो पर 11 बार एक्साइज ड्यूटी बढ़ा चुकी है। 2014 में जहां पेट्रोल पर 9.48 रुपये एक्साइज ड्यूटी थी, वहीं अब इस पर 19.48 रुपये हो गई है। इसी तरह डीजल पर 3.50 रुपये था जो अब बढ़कर 15.23 रुपये हो गया है। इस समय पेट्रोल पर कुल 40 फीसद टैक्स लगाया गया है। वहीं, डीजल पर 50 फीसद टैक्स वसूला जा रहा है। कांग्रेस पेट्रोलियम पदार्थो को भी जीएसटी के दायरे में लाने की मांग करती है। ताकि इस पर भी 28 फीसद ही टैक्स लगाया जा सके। इस दौरान आभा सिन्हा, किशोर नाथ शाहदेव, राजेश ठाकुर आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी