मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा ,शहद का उत्पादन करें, सरकार देगी बाजार

मुख्यमंत्री रघुवर दास से किसानों को शहद उत्पादन के लिए प्रेरित किया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Feb 2019 06:35 AM (IST) Updated:Fri, 22 Feb 2019 06:35 AM (IST)
मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा ,शहद का उत्पादन करें, सरकार देगी बाजार
मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा ,शहद का उत्पादन करें, सरकार देगी बाजार

रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री रघुवर दास से किसानों को शहद उत्पादन के लिए प्रेरित किया है। साथ ही किसानों को यह भी भरोसा दिलाया है कि वे निश्चिंत होकर शहद का उत्पादन करें, बाजार की व्यवस्था सरकार करेगी। गुरुवार को झारखंड मंत्रालय सभागार में मीठी क्रांति योजना के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह बातें कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मीठी क्रांति के लिए 100 करोड़ की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है ताकि राज्य में नीली क्रांति के बाद मीठी क्रांति का आगाज हो सके। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री की हरित क्रांति, श्वेत क्रांति, नीली क्रांति के बाद मीठी क्रांति के वाहक बन राज्य के किसानों की आय को 2022 तक दोगुना नहीं बल्कि 4 गुना करने की दिशा में कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम चरण में राज्य सरकार 1207 किसानों को प्रशिक्षण देने के बाद आज उन्हें मधुमक्खी पालन के लिए एक लाख लागत की इकाई प्रदान कर रही है। जिसमें 80 हजार की अनुदान राशि है जबकि 20 हजार की राशि का भुगतान लाभुक करेंगे। इस तरह एक किसान 20 हजार की पूंजी निवेश कर सालाना 1.30 लाख की आमदनी कर सकता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सांकेतिक तौर पर जलेश कोंगड़ी, खूंटी के लक्ष्मण महतो, गुमला की सरिता देवी व अमरुद्दीन अंसारी को मधुमक्खी पालन के लिए एक इकाई सौंपी। इस इकाई में 20 मधुमक्खी की कॉलोनी है।

मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल, कृषि एवं पशुपालन सचिव पूजा सिंघल, निदेशक कृषि रमेश घोलप व सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद थे।

प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए पतंजलि से चल रही बात

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में शहद की प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए पतंजलि योगपीठ से बात चल रही है। जल्द ही इस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना है।

खूंटी का कटहल सिंगापुर जा रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब खूंटी का कटहल सिंगापुर जा रहा है। आप किसान भाई शहद का उत्पादन करें, बाजार सरकार उपलब्ध कराएगी।

हर वर्ष 100 किसानों को इजराइल भेजेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों को बदलते समय के अनुसार आधुनिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 100 किसानों को इजरायल भेजा गया। अब हर वर्ष सरकार 100 किसानों को इजराइल भेजने का कार्य करेगी।

राज्य के किसानों को सशक्त एवं समृद्ध करना सरकार की प्रतिबद्धता : रणधीर सिंह

कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि राज्य गठन के बाद नीली क्रांति के बाद मीठी क्रांति का शुभारंभ हो रहा है। किसानों की आय दुगना करने में मीठी क्रांति और श्वेत क्रांति वरदान साबित होगा। 1200 किसानों को यह योजना से जोड़ने की पहल प्रथम चरण में हुआ है। 12 हजार किसान इस योजना से जुडेंगे। मधु प्रसंस्करण इकाई की स्थापना होगी। यह योजना कारगर साबित होगा। किसानों को सशक्त करना राज्य सरकार का उद्देश्य है।

किसानों को होगा फायदा : संजय सेठ

झारखंड राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने कहा कि मुख्यमंत्री मीठी क्रांति के लिए हमेशा से प्रयासरत रहे हैं। इसके जरिये हम रोजगार का सृजन कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद इसको अभियान बनाया गया। जिसका परिणाम है आज मीठी क्रांति का शुभारंभ हो रहा है। किसानों को एक लाख से ज्यादा की आमदनी एक मधुमक्खी की इकाई से होने का अनुमान है।

chat bot
आपका साथी