झारखंड में भाजपा की नजर पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर

झारखंड में भाजपा की नजर ऐसे मतदाताओं पर है जो लोकसभा चुनाव में पहली बार मतदान करेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Jan 2019 05:33 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jan 2019 05:33 AM (IST)
झारखंड में भाजपा की नजर पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर
झारखंड में भाजपा की नजर पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर

राज्य ब्यूरो, रांची : भाजपा की नजर ऐसे मतदाताओं पर है जो लोकसभा चुनाव में पहली बार अपना वोट डालेंगे। 18 से 23 वर्ष के इन युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए भाजपा बकायदा अभियान चलाएगी। पार्टी ने यह जवाबदेही अपनी युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा को सौंपी है। वैसे तो अभियान कई चरणों का है लेकिन इसका पहला चरण युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद की जयंती से शुरू किया जा रहा है।

भाजयुमो युवा दिवस पर पहला वोट मोदी को संकल्प अभियान चलाएगा। इस दिन भाजपा की युवा इकाई प्रदेश के सभी जिलों के शैक्षणिक संस्थानों में जाएगी और युवाओं को पहला वोट मोदी को का संकल्प दिलाएगी। युवा मोर्चा ने इस बाबत अपने जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों को जवाबदेही सौंपी है। शैक्षणिक संस्थाओं में होने वाली संकल्प सभा में छात्र-छात्राओं को केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताया जाएगा।

कैंपस एंबेसडर का तैयार किया जा रहा नेटवर्क

भाजयुमो युवाओं में अपनी पैठ बढ़ाने के लिए कैंपस या कॉलेज एंबेसडर का नेटवर्क भी तैयार कर रही है। इसके तहत कॉलेजों में पांच-पांच लोगों की टीम तैयार की जा रही है। युवा दिवस पर इस अभियान को भी गति दी जाएगी। भाजयुमो पदाधिकारी कॉलेजों का रुख करेंगे और एंबेसडर बनाए जाने वाले युवाओं को सम्मानित भी करेंगे।

कॉलेज या कैंपस एंबेसडर बनने वाले युवाओं को यह जवाबदेही दी जाएगी कि वे अपना-अपना एक वाट्सअप ग्रुप तैयार करें और उसमें अधिक से अधिक युवाओं को जोड़े। इस ग्रुप द्वारा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो का अपडेट ब्योरा जारी किया जाएगा।

युवाओं को रिझाने की कुछ ऐसी है भाजपा की रणनीति

-नेशन विद नमो वॉलेंटियर नेटवर्क : 50 लाख से अधिक मतदाताओं वाले युवा नेटवर्क को मजबूत करना। इसके तहत स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।

-नमो एप डाउनलोड : इसके तहत ज्यादा से ज्यादा युवाओं के स्मार्ट फोन में नमो एप डाउनलोड कराया जाएगा।

-वाट्सअप ग्रुप : मंडल स्तर पर वाट्सअप ग्रुप बनाना और उसका समन्वय करना।

- ऑनलाइन प्रतियोगिताएं तथा अभियान : विजय लक्ष्य 2019 से संबंधित इस अभियान के तहत युवा सृजनशील मतदाताओं को सोशल मीडिया से जोड़ना। अभियान के तहत नारे लिखना, जिंगल बनाना, कंपोजीशिन लोगो डिजाइन, संक्षिप्त फिल्म व फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

- युवा आइकॉन नेटवर्क : इस नेटवर्क के तहत उन युवा व आइकॉन प्रभावशाली लोगों का ग्रुप तैयार किया जाएगा, जिनकी सोशल मीडिया में पैठ है।

chat bot
आपका साथी