रांची में बंद का दिखा मिला-जुला असर, शाम में प्रदर्शन के कारण डेढ़ घंटे जाम रहा मेन रोड

रांची सीएए एनआरसी के विरोध में भीम आर्मी द्वारा बुलाए गए भारत बंद का रांची में मिला जुला असर रहा। शाम में प्रदर्शन के कारण मेन रोड घंटों जाम रहा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Feb 2020 08:06 PM (IST) Updated:Sun, 23 Feb 2020 08:06 PM (IST)
रांची में बंद का दिखा मिला-जुला असर, शाम में प्रदर्शन के कारण डेढ़ घंटे जाम रहा मेन रोड
रांची में बंद का दिखा मिला-जुला असर, शाम में प्रदर्शन के कारण डेढ़ घंटे जाम रहा मेन रोड

जागरण संवाददाता, रांची: सीएए, एनआरसी के विरोध में भीम आर्मी द्वारा बुलाए गए भारत बंद का रांची में मिला-जुला असर देखने को मिला। इस दौरान मेन रोड, डेली मार्केट, न्यू डेली मार्केट, डोरंडा, शास्त्री मार्केट, अपर बाजार, श्रद्धानंद रोड, हरमू फल मंडी आदि की अधिकतर दुकानें बंद रहीं। वहीं, पुलिस प्रशासन भी बंद को लेकर अलर्ट मोड में रही। अतिसंवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही मोबाइल पुलिस गश्त करती नजर आई। इधर, देर शाम भीम आर्मी व कई मुस्लिम संगठनों ने अल्बर्ट एक्का चौक पर सीएए व एनआरसी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। अल्बर्ट एक्का चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि कुछ दुकानें रविवार होने के कारण भी बंद रहीं।

देर शाम विभिन्न संगठनों ने किया प्रदर्शन

दिन में जहां लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी दुकानें बंद रखीं। वहीं, देर शाम अल्बर्ट एक्का चौक पर भीम आर्मी व आंदोलन रेशमी रूमाल के बैनर तले लोगों ने प्रदर्शन भी किया। इस दौरान लोगों ने सीएए व एनआरसी का पुतला सामने रख कर सीएए रद करो व एनआरसी वापस लो के नारे लगाए।

डेढ़ घंटे लगा रहा जाम : अल्बर्ट एक्का चौक पर विभिन्न संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान अल्बर्ट एक्का चौक पर जाम की स्थिति बनी। डेढ़ घंटे तक लोगों के द्वारा प्रदर्शन किए जाने के कारण मेन रोड़ जाम हो गया। इससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस भी रही अलर्ट : पुलिस प्रशासन द्वारा बंदी को लेकर शहर में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई थी। इलाके के थाना मोबाइल, पीसीआर, टाइगर को तैनात किया गया था। सभी इलाके के डीएसपी भी मौजूद रहे। सभी पुलिस हाई अलर्ट पर थे। इसके अलावा कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जा रही थी। हालांकि कहीं से कुछ अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

chat bot
आपका साथी