झारखंड: थम नहीं रहीं अफवाहें, बच्चा चोर होने के शक में सात लोगों की पिटाई Ranchi News

झारखंड में इस कदर बच्‍चा चोर की अफवाह चल रही है कि किसी पर भी थोड़ा शक होने पर लोग उसे पकड़कर पिटाई कर दे रहे हैं। विक्षिप्तों बुजुर्गों और मूक-बधिरों को निशाना बनाया जा रहा है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Fri, 13 Sep 2019 08:37 AM (IST) Updated:Fri, 13 Sep 2019 08:37 AM (IST)
झारखंड: थम नहीं रहीं अफवाहें, बच्चा चोर होने के शक में सात लोगों की पिटाई Ranchi News
झारखंड: थम नहीं रहीं अफवाहें, बच्चा चोर होने के शक में सात लोगों की पिटाई Ranchi News

रांची, जेएनएन। बच्चा चोर होने के शक में निर्दोषों की पिटाई का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। रामगढ़, गढ़वा, साहिबगंज, जामताड़ा, धनबाद और गोड्डा में आक्रोशित भीड़ ने सात लोगों की पिटाई कर दी।

रामगढ़ के कुजू स्थित नया मोड़ में बच्चा चोर की अफवाह में गुरुवार की रात आरा कांटा के पास भीड़ ने सड़क किनारे खड़े हजारीबाग के एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची कुजू पुलिस ने अधमरे युवक को भीड़ से निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा।

वहीं गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के अचला गांव में बुधवार की देर रात ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के शक में एक वृद्ध महिला को पकड़ लिया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। ग्रामीणों का कहना था कि इस महिला के साथ दो पुरुष भी थे, जो रात के अंधेरा का लाभ उठाकर भाग निकले। उन्हें पकडऩे के लिए ग्रामीणों ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया लेकिन दोनों भाग निकले।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अचला गांव पहुंचकर महिला को लेकर अपने साथ थाना आई। छानबीन में पता चला कि पकड़ी गई वृद्ध महिला गांव में घूम-घूमकर भीख मांगकर जीवनयापन कर रही है। इसके बाद महिला को छोड़ दिया गया। उधर साहिबगंज के तालबन्ना में बच्चा चोर की आशंका में बुधवार की रात स्थानीय लोगों ने एक विक्षिप्त को धर दबोचा। ग्र्रामीणों ने बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

वहीं जामताड़ा के कुंडहित थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में बुधवार शाम दो अनजान युवकों को बाजार में चक्कर लगाते देख स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ कर बच्चा चोर होने के संदेह में पूछताछ की। इस दौरान उनकी पिटाई भी की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों को छुड़ाया।

इधर धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के चुंगी गांव में बच्चा चोर के संदेह में गुरुवार को ग्रामीणों ने एक निर्दोष बुजुर्ग की पिटाई कर दी। थानेदार गंगा सागर ओझा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाना ले गए।

दूसरी ओर गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लुकलुकी गांव में बच्चा चोर कहकर भीड़ ने गुरुवार को एक विक्षिप्त की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने उसे छुड़ाकर अस्पताल में इलाज कराया।

रांची की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी