छठी जेपीएससी की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी, 24 से साक्षात्कार

Jharkhand. झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर परिणाम जारी हुआ। साक्षात्कार 24 फरवरी से सात मार्च तक चलेगा। तीन साल पहले शुरू हुई थी प्रक्रिया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 16 Feb 2020 08:51 AM (IST) Updated:Sun, 16 Feb 2020 08:51 AM (IST)
छठी जेपीएससी की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी, 24 से साक्षात्कार
छठी जेपीएससी की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी, 24 से साक्षात्कार

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड लोक सेवा आयोग ने शनिवार को छठी सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। जारी परिणाम के अनुसार मुख्य परीक्षा में अनारक्षित श्रेणी के 546,  एसटी के 256, एससी के 118, अति पिछड़ा वर्ग के 64 और पिछड़ा वर्ग के 6 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। अब सफल अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार का आयोजन 24 फरवरी से सात मार्च तक चलेगा।

इसके अलावा डिप्टी कलक्टर लिमिटेड के सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 1-2 मार्च को होगा। लंबे समय से विवादों में रही छठी जेपीएससी की परीक्षा का यह परिणाम झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर जारी हुआ है। पिछले दिनों हाई कोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर ही मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी करने का आदेश दिया था।

प्रभावित अभ्यर्थियों में से कुछ ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर कर इस आदेश के विरुद्ध अपील की थी। सर्वोच्च न्यायालय ने उसे खारिज कर दिया था। मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी होने में लगभग एक साल लग गए। जेपीएससी ने मुख्य परीक्षा 28 जनवरी 2019 से 1 फरवरी 2019 तक आयोजित की थी।

विवादित रही थी प्रारंभिक परीक्षा

छठी सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा लगातार विवादों में रही थी। इसी वजह से जेपीएससी को इसके परिणाम में तीन-तीन बार संशोधन करने पड़े। 23 फरवरी 2017 को सबसे पहले जारी प्रारंभिक परीक्षा परिणाम में 5,138 अभ्यर्थी सफल हुए थे। झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश पर 11 अगस्त 2017 को संशोधित परिणाम जारी किया गया। इसमें सफल अभ्यर्थियों में 965 नाम और जुड़ गए।

इस तरह कुल 6,103 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बाद भी विवाद जारी रहा। फिर राज्य सरकार ने प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित कर 34 हजार अभ्यर्थियों को पास कर दिया। इस परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा भी आयोजित की गई, लेकिन मामला हाई कोर्ट में पहुंचा तो हाई कोर्ट ने 6103 परीक्षार्थियों को ही प्रारंभिक परीक्षा में सफल मानते हुए, उन्हीं अभ्यर्थियों की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित करने का आदेश दिया था।

श्रेणी -  रिक्तियां - कट ऑफ माक्र्स

अनारक्षित 180  508

एसटी  84   421

एससी  39  435

बीसी वन  21  482

बीसी टू  02  506

chat bot
आपका साथी