नेतरहाट में प्राचार्य नियुक्ति पर रोक

रांची : नेतरहाट विद्यालय प्रबंधन समिति की सामान्य निकाय ने विद्यालय के प्राचार्य पद पर चल रही नियुक्

By Edited By: Publish:Fri, 12 Feb 2016 01:29 AM (IST) Updated:Fri, 12 Feb 2016 01:29 AM (IST)
नेतरहाट में प्राचार्य नियुक्ति पर रोक

रांची : नेतरहाट विद्यालय प्रबंधन समिति की सामान्य निकाय ने विद्यालय के प्राचार्य पद पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। शिक्षा मंत्री नीरा यादव की अध्यक्षता में गठित इस निकाय की गुरुवार को हुई बैठक में नियुक्ति पर रोक लगाते हुए अब यह नियुक्ति जेपीएससी से कराने के लिए नियमावली में संशोधन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मंत्री ने साफ-साफ कहा कि राज्य कार्यकारिणी समिति द्वारा प्राचार्य पद के लिए शुरू की गई नियुक्ति प्रक्रिया पर सामान्य निकाय की स्वीकृति नहीं ली गई। इसलिए इस प्रक्रिया को तुरंत रद किया जाए। अब नियमावली बनने के बाद जेपीएससी के माध्यम से ही इस पद पर नियुक्ति होगी। कार्यकारिणी ने इस पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन मंगाकर स्क्रूटनी भी कर ली थी। आठ आवेदकों के साक्षात्कार लेने की भी तैयारी चल रही थी।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने विद्यालय के संचालन के लिए गठित प्रबंधन समिति में दो महत्वपूर्ण इकाइयां गठित हैं। मंत्री की अध्यक्षता में सामान्य निकाय, जबकि रिटायर आइएएस पदाधिकारी नरेंद्र भगत की अध्यक्षता में राज्य कार्यकारिणी समिति गठित है। बताया जाता है कि बैठक में कार्यकारिणी के कई अन्य निर्णय पर भी मंत्री ने आपत्ति की।

सामान्य निकाय की बैठक में नेतरहाट में एकेडमिक और आधारभूत संरचना के विकास के लिए अलग-अलग उपसमितियां बनाने का भी निर्णय लिया गया। दोनों उपसमितियां इन दोनों कार्यो की देखरेख करेंगी। इस संबंध में प्राचार्य से प्रस्ताव मांगा गया। बैठक में विद्यालय में ई-लर्निग पाठ्यक्रम भी शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसकी जिम्मेदारी जैप आइटी को दी गई। बैठक में विद्यालय में प्रवेश के लिए प्रस्तावित नियमावली पर भी चर्चा हुई। प्राचार्य ने प्रवेश परीक्षा में अंग्रेजी की भी परीक्षा लेने का सुझाव दिया, जिसमें एक निर्धारित अर्हता अंक भी होगा। साथ ही प्रवेश परीक्षा के लिए प्रस्तावित 250 रुपये के शुल्क को बीपीएल परिवार के बच्चों के लिए माफ करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में नरेंद्र भगत, आइएएस एनएन सिन्हा, शिक्षा सचिव आराधना पटनायक, माध्यमिक शिक्षा निदेशक मनीष रंजन आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी