भंडरा में सिलाई-बुनाई कर आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं

लोहरदगा में महिलाएं हुनर के बदौलत आत्मनिर्भर हो रही हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Oct 2019 08:22 PM (IST) Updated:Mon, 14 Oct 2019 06:15 AM (IST)
भंडरा में सिलाई-बुनाई कर आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं
भंडरा में सिलाई-बुनाई कर आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं

भंडरा (लोहरदगा) : कभी घर की खराब आर्थिक स्थिति से गुजरने वालीं महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की राह पर चलने लगी हैं। सिलाई-बुनाई के माध्यम से अपने परिवार का सहारा बन रही हैं। भंडरा प्रखंड के महिलाओं के लिए मानों महिला संगठन एक वरदान बनकर उभर रहा हो। महिलाओं के जीवन को एक दिशा मिल गई है। प्रखंड क्षेत्र की महिलाओं को महिला संगठन के माध्यम से रोजगार मिला है, जो परिवार के लिए एक सहारा बनी हैं। प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं खेती-बड़ी, सिलाई बुनाई, केचुवा खाद सहित कई कार्यों में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहीं है। भंडरा प्रखंड क्षेत्र में आजीविका महिला समूह से जुड़कर अबतक 783 महिला समूह अपने-अपने ग्रुप के माध्यम से आर्थिक उन्नति की राह पर लगातार आगे बढ़ रही हैं। भंडरा प्रखंड मुख्यालय बस्ती के मनमैईत देवी कहती हैं कि वर्ष 2016 में महिला समूह के माध्यम से उन्हें पांच हजार का ऋण मिला था। जिससे उन्होंने सिलाई-बुनाई की दुकान खोलकर आगे बढ़ा, अब उनके पास खुद का तीन सिलाई मशीन है। जिससे वह अच्छी कमाई कर परिवार का पालन-पोषण करते हुए आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करने में जुटी हैं। मनमैईत देवी कहतीं हैं कि सिलाई सेंटर के कमाई से ही उन्होंने तीन वर्षों में जमीन खरीदकर अपना घर भी बना लिया। मसमानो अंबुजा आजीविका महिला समूह की रीना देवी कहती है कि तीन वर्ष पहले महिला समूह के माध्यम से उन्होंने 35 हजार का ऋण लेकर गन्ना का खेती की। जिससें डेढ़ लाख रुपए का मुनाफा हुआ। जिसके बाद ऋण का पैसा समूह में वापस कर मुनाफे की राशि से ही अब मिर्च, लौकी खेती कर अच्छी कमाई कर रहे हैं। मसमानो के शारदा देवी कहती है कि आजीविका महिला समूह आज महिलाओं के आर्थिक विकास में वरदान बनकर आने लगा है। अब ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हो रहीं है। महिला समूह को आर्थिक रूप से किया जा रहा मजबूत : बीडीओ

मामले में भंडरा की बीडीओ रंजीता टोप्पो का कहना है कि भंडरा प्रखंड क्षेत्र में जो भी महिला समूह हैं उन्हें सबल बनाने के साथ प्रखंड प्रशासन आर्थिक रूप से मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रखंड प्रशासन सजग है। इस दिशा में महिलाओं को सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभ पहुंचाया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी