भगवान का हुआ नेत्रदान, रथयात्रा अनुष्ठान आज

जागरण संवाददाता लोहरदगा लोहरदगा जिले में रविवार को रथ यात्रा पूजा-अनुष्ठान से पूर्व नेत्रदान अनुष्ठान संपन्न कराया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 09:02 PM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 09:02 PM (IST)
भगवान का हुआ नेत्रदान, रथयात्रा अनुष्ठान आज
भगवान का हुआ नेत्रदान, रथयात्रा अनुष्ठान आज

जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले में रविवार को रथ यात्रा पूजा-अनुष्ठान से पूर्व नेत्रदान अनुष्ठान का आयोजन किया गया। पुरोहित मोहनदास, मनोज दास, सर्वेश पाठक, अयोध्या दास ने विधि-विधान से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का अनुष्ठान संपन्न कराया। नेत्रदान अनुष्ठान से पहले भगवान को स्नान कराया गया। इसके उपरांत नेत्रदान अनुष्ठान और आरती की गई। अज्ञातवास में 14 दिनों तक भगवान के रहने के बाद रविवार को स्थानीय भक्तों को भगवान के दर्शन का अवसर प्राप्त हुआ। लोहरदगा जिले में रविवार को शहरी क्षेत्र के गुदरी बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर, तेतरतर स्थित मंदिर, तिवारी द्वारा स्थित जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर, भंडरा स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर सहित विभिन्न ठाकुरबाड़ी मंदिर में पूजा-अनुष्ठान का आयोजन किया गया था। जिले में सोमवार को रथयात्रा अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। इस बार कोविड-19 के संक्रमण की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा रथयात्रा मेला का आयोजन नहीं करने को लेकर निर्देश जारी किया गया है। इस संबंध में लोहरदगा अनुमंडल पदाधिकारी अरविद कुमार लाल की ओर से भी निर्देश जारी हुआ है। ऐसे में लोहरदगा में इस बार रथयात्रा मेला का आयोजन नहीं किया जाएगा। लोग अपने-अपने घरों में ही भगवान की पूजा-अर्चना करेंगे। ठाकुरबाड़ी मंदिर में भी पूजा-अनुष्ठान के दौरान आम श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। रथयात्रा अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। भगवान का दर्शन पाकर सभी कृतार्थ नजर आ रहे हैं। नेत्रदान अनुष्ठान के साथ ही रथयात्रा अनुष्ठान की तैयारियां भी प्रारंभ हो गई है। लोहरदगा जिले में ऐतिहासिक रूप से रथयात्रा मेला का आयोजन होता रहा है। विगत दो वर्षों से कोविड-19 संक्रमण की वजह से रथयात्रा मेला का आयोजन नहीं हो रहा है। जिससे श्रद्धालुओं में थोड़ी निराशा भी देखी जा रही है।

chat bot
आपका साथी