लोहरदगा में 2 हजार से अधिक लोग क्वारंटाइन, बेवजह घूमने वालों पर पुलिस सख्त

Coronavirus News Update लोहरदगा जिले में अब तक कुल 2129 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। 3 लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। तीन संदिग्ध मरीजों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 05 Apr 2020 02:54 PM (IST) Updated:Sun, 05 Apr 2020 02:54 PM (IST)
लोहरदगा में 2 हजार से अधिक लोग क्वारंटाइन, बेवजह घूमने वालों पर पुलिस सख्त
लोहरदगा में 2 हजार से अधिक लोग क्वारंटाइन, बेवजह घूमने वालों पर पुलिस सख्त

लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले में अब तक कुल 2129 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। जबकि 3 लोग फिलहाल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। तीन संदिग्ध मरीजों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। राहत वाली बात यह है कि लोहरदगा से जांच के लिए भेजे गए सभी 5 सैंपल का रिपोर्ट नेगेटिव आए हैं। आम जनता को सुरक्षित रखने को लेकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी लगातार सड़कों पर घूम रहे हैं। नियमों के अनुपालन को लेकर सतर्क किया जा रहा है। 

बेवजह घूमने वालों पर पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

जिले के सामुदायिक केंद्रों में लोगों को निश्शुल्क भोजन उपलब्ध हो पा रहा है। सब्जी बाजार में लोगों को नियम का पाठ पढ़ाने को लेकर प्रशासन गंभीर है। सड़क पर बेवजह घूमने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। दवा दुकानों में भी शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कराया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन की गश्त और सामाजिक संगठनों की अपील का असर दिख रहा है। दूसरे प्रदेश से मजदूर और अन्य लोगों का लोहरदगा लौटना अब भी जारी है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट पर है।

मनचलों की वजह से प्रशासन की परेशानी बढ़ी

लोहरदगा के शहर से लेकर गांव की गलियों तक में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों ने इस बात को स्वीकार कर लिया है कि घर में रहना ही सबसे बेहतर है। हम जितना ज्यादा सुरक्षित रहेंगे, उतना ही ज्यादा समाज को सुरक्षित रख पाएंगे। कुछ मनचलों की वजह से प्रशासन की परेशानी जरूर बढ़ी है, परंतु ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती बरतने को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह से तैयार है। पुलिस प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। पल-पल की खबरों से रूबरू होते हुए हर एक बिंदु की समीक्षा की जा रही है।

जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए लोग

गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए लोग आगे आ रहे हैं। कुछ लोग मास्क बनाकर वितरण कर रहे हैं तो कुछ लोग खाद्यान्न बांटकर गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रखंड मुख्यालयों में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी खुद सड़क पर उतरकर लोगों को घर में रहने की हिदायत दे रहे हैं। किसानों की परेशानी थोड़ी जरूर बढ़ गई है कि उनकी फसल बाजारों तक नहीं पहुंच पा रही, परंतु किसान इस बात से खुश हैं कि कम दाम में ही सही फसल बिक तो रही है।

घर तक उपलब्ध हुई होम डिलीवरी की व्यवस्था

जिला प्रशासन द्वारा घर तक होम डिलीवरी की व्यवस्था को सुनिश्चित किया गया है। दवा सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी लगातार की जा रही है। सड़क पर पैदल चलते लोग अपने घर को जाने को लेकर परेशान दिखाई दे रहे हैं। क्वॉरेंटाइन वार्ड में चिकित्सक लगातार पहुंचकर भर्ती मरीजों की जांच कर रहे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का एक-एक अधिकारी और जवान फिलहाल अलर्ट में है।

chat bot
आपका साथी