संशोधित:: दो दुर्घटना में एक की मौत, तीन घायल
संवाद सूत्र बालूमाथ /चंदवा (लातेहार) बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरझरिया ग्राम स्थित एनएच 22 पर दुर्घटना हो गई।
संवाद सूत्र, बालूमाथ /चंदवा (लातेहार) : बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरझरिया ग्राम स्थित एनएच 22 पर एक मालवाहक टेलर और एक हाइवा में टक्कर हो गई। इस टक्कर में हाइवा का उपचालक अंकित उरांव पिता मोहन उरांव (इटके, बारियातू) गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहत इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। लेकिन रांची रिम्स पहुंचने से पूर्व ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हाइवा का कांच टूट जाने के कारण उस पर सवार युवक काफी दूर तक फेंका गया था। टेलर के चालक और उपचालक मामूली रूप से चोटिल बताए गए। युवक की मौत के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने शव रखकर बालूमाथ-चंदवा मार्ग जाम कर दिया। जिसकी सूचना पाकर पहुंचे बालूमाथ अंचल पदाधिकारी आफताब आलम व पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा कर अंतिम संस्कार के लिए तत्काल राशि मुहैया कराई और हरसंभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इधर चंदवा-चांपी-लोहरदगा पथ पर थाना क्षेत्र के लुकूइया घाटी के समीप एक चिप्स लदा हाइवा दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे हाइवा चालक राजेन्द्र उरांव (पिता बिरसा उरांव, सोंस पाटु) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। घायल की हालत चिताजनक बनी हुई थी।