शरद यादव बोले, देश में गायें वीआइपी हो गईं और इंसान बेचारा

sharad yadav. शरद यादव के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में देश में अचानक गायें वीआईपी हो गईं और इंसान बेचारा।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Tue, 22 Jan 2019 05:20 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jan 2019 05:20 PM (IST)
शरद यादव बोले, देश में गायें वीआइपी हो गईं और इंसान बेचारा
शरद यादव बोले, देश में गायें वीआइपी हो गईं और इंसान बेचारा

कोडरमा, जेएनएन। 2014 के चुनाव के पूर्व प्रतिवर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने, गंगा की सफाई करने, काला धन वापस लाने, भ्रष्टाचार मिटाने के किए गए सारे वादे धरे रह गए। पिछले पांच वर्षों में देश में अचानक गायें वीआईपी हो गईं और इंसान बेचारा। इंसान के जान की कीमत गाय के आगे कुछ भी नहीं रही। रोजगार, किसानों के कल्याण, देश के विकास से बड़ा मुद्दा मंदिर-मस्जिद हो गया। उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने मंगलवार को झुमरीतिलैया के ब्लॉक मैदान में झारखंड विकास मोर्चा द्वारा आयोजित एक महती जनसभा सह पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि भारत का का संविधान एक ऐसी किताब है, जिसमें देश के सभी वर्गों, सभी संप्रदायों, अमीर, गरीब, किसान मजदूर सबका कल्याण निहित है। लेकिन भाजपा के लोग इसी संविधान को नष्ट करने में तुले हुए हैं। लोकतंत्र को खत्म कर देना चाहते हैं। यदि 2019 में यह लोग फिर सत्ता में आ गए, तब 2050 तक देश में चुनाव ही नहीं कराएंगे। सभा के माध्यम से उन्होंने एलान करते हुए कहा कि पूरे देश में महागठबंधन बन रहा है। इसलिए महागठबंधन में जहां जो भी उम्मीदवार हो, उसे जिताए और इस भाजपा को सत्ता से बेदखल करें।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी एक अच्छे, सच्चे व सबसे ईमानदार व्यक्ति हैं। इसीलिए मैं दिल्ली से चलकर उनके लिए कोडरमा आया हूं। उन्होंने कहा कि झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश से ही देश की सत्ता तय होती है और यहां के लोग अब तय कर चुके हैं आने वाले समय में लोगों को क्या करना है।

झारखंड विकास मोर्चा के सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ता।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य व केंद्र की सरकार ने देश को पूरी तरह से लूटने का काम किया। झारखंड में जितनी भी नीतियां बनी सभी पूंजी पतियों के लिए बनी। यहां किसानों आदिवासियों के लिए कोई नीति नहीं बनती। भाजपा के लोग देश में मंदिर-मस्जिद, अगड़ा पिछड़ा, आदिवासी गैर आदिवासी के नाम पर देश को तोड़ने में लगे हैं। समाज में नफरत फैलाने में लगे हैं। भाई भाई को लड़ा कर अपनी राजनीतिक रोटी सेकने में लगे हैं। इससे आने वाले दिनों में लोगों को सावधान रहना होगा।

उन्होंने कहा कि कोडरमा से ही उन्होंने अपनी राजनीति की दूसरी पारी शुरू की थी। यहां के लोगों के लोगों के प्यार व समर्थन से ही वे आज तक राजनीति में बने हुए हैं। सभा को संबोधित करते हुए राजद के प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र व राज्य में जुमले बाजों की सरकार देश को तहस-नहस करने में जुटी है। इनके शासन में हर वर्ग के लोग परेशान हैं। सामाजिक समरसता व आपसी भाईचारा को लोग खत्म करने पर तुले हुए हैं। संविधान बदलने का प्रयास कर रहे हैं। जरूरत आ गई है ऐसे जुमले बाजो से देश को मुक्त कराने की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार के कार्यकाल में बेटियों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब हो रही है। उन्हें हर जगह शोषण व प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा है। कोडरमा समेत पूरे राज्य में ऐसे कई मामले हैं जिसमें बेटियों को शासन-प्रशासन की लापरवाही की सजा भुगतनी पड़ी है।

सभा को पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी डॉक्टर सबा अहमद, पूर्व विधायक गुरु सहाय महतो, झाविमो के केंद्रीय महासचिव खालिद खलील, सुरेश साव समेत दर्जनों वक्ताओं ने भी संबोधित किया। 

chat bot
आपका साथी