पत्नी ने बहनोई को सुपारी देकर करा दी थी पति की हत्या

खूंटी मुरहू पुलिस ने हिन्दू कंडीर हत्याकांड का खुलासा करते हुए हिन्दू कंडीर की पत्नी समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। यह जानकारी खूंटी ए

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Apr 2019 06:11 PM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 06:11 PM (IST)
पत्नी ने बहनोई को सुपारी देकर करा दी थी पति की हत्या
पत्नी ने बहनोई को सुपारी देकर करा दी थी पति की हत्या

खूंटी : मुरहू पुलिस ने हिन्दू कंडीर हत्याकांड का खुलासा करते हुए हिन्दू कंडीर की पत्नी समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। यह जानकारी खूंटी एसडीपीओ आशीष कुमार माहली ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर दी।

उन्होंने बताया कि गत 21 नवंबर को मुरहू थानांतर्गत ग्राम गुटीगढ़ा पगुंरा सीमाना पर नाले के किनारे झाड़ियों के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव पाया गया था। शव नग्न अवस्था में था और सिर कुचला हुआ था। साथ ही छाती व गर्दन के पीछे किसी धारदार हथियार से गहरा जख्म भी था। पुलिस अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन करने लगी। अनुसंधान के क्रम में मुरहू थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता को पता चला कि उक्त शव चाईबासा जिले के टेबो थानांतर्गत सोगरा निवासी हिन्दू कंडीर (पिता कुदू कंडीर) का है जो कि वर्तमान में खूंटी थानांतर्गत राजा तालाब, मैदान टोली में रह रहा था। अनुसंधान के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी सूमी कंडीर, उसके बहनोई किशुन मुंडू, चुंदरू नाग, सनिका उर्फ डेजो कैथा, मागो पूर्ति, मोगला बोदरा एवं जोरका मुंडू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से सात मोबाइल, एक बाइक व हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद की। सभी आरोपितों ने अपना दोष स्वीकार करते हुए बताया कि हिन्दू कंडीर का उसकी पत्नी सूमी कंडीर से आए दिन झगड़ा होता रहता था। इसे लेकर सूमी कंडीर ने अपने बहनोई किशुन मुंडू से कहा कि उसके पति की हत्या करा दो, जो भी पैसा लगेगा वह देंगे। इस पर किशुन मुंडू 20 नवंबर को शराब पिलाने की बात कह कर हिन्दू कंडीर को खूंटी से मलियादा होमगार्ड जवान मागो पूर्ति के घर ले गया। वहां उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हिन्दू कंडीर की टांगी से वारकर हत्या कर दी। इसके बाद सभी लोग मिलकर लाश गुटीगढ़ा पंगुरा सीमाना पर नाले के किनारे ले गए और झाड़ियों के बीच में फेंक दिया। इसके बाद पहचान छिपाने के बाद शव को नग्न कर सिर को पत्थर से कुचल दिया।

chat bot
आपका साथी