Khunti, Lok Sabha Election 2019: मोय अर्जुन मुंडा गांववाला मनके प्रणाम करत हो...

Lok Sabha Election 2019 खूंटी से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के साथ जागरण प्रतिनिधि ने एक दिन बिताया। इस दौरान अर्जुन मुंडा अपने दैनिक प्रचार में लगे रहे। साथ ही रोडशो भी किया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 04 May 2019 08:12 PM (IST) Updated:Sat, 04 May 2019 08:12 PM (IST)
Khunti, Lok Sabha Election 2019: मोय अर्जुन मुंडा गांववाला मनके प्रणाम करत हो...
Khunti, Lok Sabha Election 2019: मोय अर्जुन मुंडा गांववाला मनके प्रणाम करत हो...

खूंटी, [कंचन कुमार]। Lok Sabha Election 2019 - सुबह के 8.30 बजे हैं। राज्य सरकार के मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा का लोबिन बगान स्थित आवास। लोगों की भीड़ लगी है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं खूंटी लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा यहीं ठहरे हुए हैं। मिलने-जुलने वालों का तांता लगा हुआ है। नौ बजे भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनूप साहू कुछ लोगों के साथ पहुंचते हैं।

अनूप ने कहा, हम लोग आज आपके साथ रोड शो करना चाहते हैं। जवाब मिलता है- जाइए, तैयारी कीजिए। मैं समय से हाजिर रहूंगा। क्षेत्र में निकलने की तैयारी है। जल्दी-जल्दी में नाश्ता लगाया जाता है। नाश्ते में तीन चपाती एवं थोड़ी लौकी की सब्जी लेते हैं। चना की सब्जी, भुजिया एवं अन्य व्यंजन भी मेज पर लगे हैं। कहते हैं, इतनी वैरायटी की क्या जरूरत है?

कोई एक सब्जी ही काफी है। नाश्ता कर ड्राइंग रूम में आते हैं। यहां मुंडा समाज के त्रिलोचन मुंडा, जयनारायण मुंडा, जगदीश सिंह मुंडा समेत कई युवा इंतजार कर रहे हैं। वे बताते हैं- सर, कई क्षेत्रों का दौरा कर लौटा हूं। रिस्पांस बढिय़ा है। अर्जुन मुंडा पूछते हैं- ठीक, बताओ तुमने लोगों को क्या समझाया। सीएनटी-एसपीटी पर क्या कहा। जवाब मिलता है- सर गांव वाले भी जानते हैं कि उन्हें भ्रमित किया जा रहा है।

इधर, घर के नीचे वाले हॉल में भी महिलाओं की भीड़ उमड़ी है। अर्जुन मुंडा सबसे मिलकर एवं प्रणाम कर क्षेत्र भ्रमण के लिए निकल पड़ते हैं। गाड़ी धीरे-धीरे भंडरा की ओर सरकती है। भंडरा में कई उत्साही युवक बाइक में भाजपा का झंडा लगाकर इंतजार कर रहे हैं। गाड़ी से उतरते ही अर्जुन मुंडा गर्मजोशी के साथ उनसे हाथ मिलाते हैं। कुछ युवकों ने गांवों की लिस्ट सौंपी। कहा, यहां-यहां चलना है।

अर्जुन मुंडा कहते हैं, प्रचार का आज अंतिम दिन है। आप लोग खुद ही अर्जुन हो। कमान संभालिए। कुछ गांवों को जीत मिलने के बाद के लिए सूची में रखिए। मिलकर जश्न मनाएंगे। वाहनों का काफिला राम मंदिर गुटजोरा पहुंचता है। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण जमा हैं। गाड़ी से उतरते ही अर्जुन मुंडा सबों को हाथ जोड़कर स्थानीय सादरी भाषा में अभिवादन करते हैं।

कहते हैं, 'मोय अर्जुन मुंडा गांववाला मनके प्रणाम करत हो, आइज ई गांव में सबकर आशीर्वाद मांगेक आ हो। महिलाओं ने कुछ समस्या बताई। साथ ही जीतने के बाद निदान करने का आग्रह किया। अर्जुन मुंडा ने कहा, अभी नरेंद्र मोदी को पीएम बनाना है। इसलिए उनका प्रतिनिधि बनकर आशीर्वाद मांगने आया हूं। गांव के मंदिर में पहुंचकर प्रणाम करते हैं। फिर वहां से निकल पड़ते हैं।

बेलांगी गांव में काफी संख्या में महिलाएंं जमा हैं। उनका स्वागत किया जाता है। रेखा देवी कहती हैं, यहां पानी की दिक्कत है। जीतने के बाद ख्याल रखिएगा। भूल मत जाइएगा। वहां से डाड़ी वनटोली होते हुए गुनी गांव पहुंचते हैं। जगह-जगह माला पहनाने एवं स्वागत के लिए युवा खड़े मिलते हैं। कर्रा के धुनसुली गांव में महिलाओं ने लोटा से आम के पत्ता से जल निकाला।

इसे अर्जुन मुंडा पर छिड़ककर एवं माला पहनाकर उनका स्वागत किया। ग्राम प्रधान लाल सिंह मुंडा परिचय कराते हैं। कहते हैं, तीन बार मुख्यमंत्री रहने वाले आज प्रत्याशी बनकर हमारे बीच आए हैं। यह सौभाग्य की बात है। अर्जुन मुंडा कहते हैं- आपके, गांव, समाज एवं देश की प्रतिष्ठा को बढ़ाने का काम करुंगा। हर सुख-दुख में साथ रहूंगा। एक बार भरोसा कर देखें, इस पर खरा उतरने का प्रयास करुंगा।

इस बीच गढ़वा विधायक सत्येंद्र तिवारी उनसे मिलने वहीं पहुंच जाते हैं। खूंटी में रोड शो के लिए बार-बार फोन आ रहा है। चांपी एवं घासीबाटी गांव होते हुए वे रोडशो में शामिल होने दिन के लगभग 1.20 में खूंटी पहुंचते हैं। यहां बगैर देर किए गाड़ी से उतरकर सीधे रोड शो में शामिल हो जाते हैं। कहते हैं आज ही खरसावां जाना है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी