जिले में शीघ्र बनेगा मॉडल स्कूल

By Edited By: Publish:Mon, 01 Sep 2014 01:00 AM (IST) Updated:Mon, 01 Sep 2014 01:00 AM (IST)
जिले में शीघ्र बनेगा मॉडल स्कूल

जासं,जामताड़ा : ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर व आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए मानव संसाधन विकास विभाग ने देश के विभिन्न प्रखंडों में मॉडल स्कूल (आदर्श विद्यालय) स्थापित करने का निर्णय लिया था। इसी के तहत जामताड़ा जिले में भी मॉडल स्कूल का निर्माण होना है। पिछले दिनों केंद्रीय मानव संसाधन विकास विभाग के प्रोजेक्ट एप्रूवल बोर्ड ने भी इस पर मुहर लगा दी है। अब जल्द ही जिले में मॉडल स्कूल निर्माण की दिशा में पहल होगी। जिला शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के शैक्षणिक दृष्टिकोण से पिछड़े प्रखंड (ईबीबी) नाला, कुंडहित व नारायणपुर प्रखंड मुख्यालय में मॉडल स्कूल निर्माण को स्वीकृति मिली है। इसके लिए जिला प्रशासन ने प्रति विद्यालय पांच एकड़ भूमि चिह्नित किया हुआ है। नाला प्रखंड के पातुलिया, कुंडहित प्रखंड के सालुका व नारायणपुर के बथानबाड़ी - शंकरपुर में मॉडल स्कूल निर्माण के लिए भूमि चिह्नित किया गया है। केंद्र से मॉडल स्कूल निर्माण की स्वीकृति मिल गई गयी है। जल्द ही टेंडर व अन्य विभागीय कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

क्या है मॉडल स्कूल : मॉडल स्कूल में केंद्रीय विद्यालय के तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होगी। इसमें कक्षा छह से मैट्रिक तक की पढ़ाई होगी। विद्यालय परिसर में शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए सभी संसाधन उपलब्ध रहेंगे। छात्रों को अत्याधुनिक पद्धति से पढ़ाया जाएगा। खेलने के लिए मैदान, प्रयोगशाला, पुस्तकालय आदि विद्यालय में उपलब्ध रहेगा।

वर्जन : जिले के तीन शैक्षणिक पिछड़े प्रखंडों में मॉडल स्कूल निर्माण के लिए केंद्र से स्वीकृति मिल गयी है। जल्द ही इस दिशा में भवन निर्माण के लिए राज्यस्तर पर टेंडर निकाला जाएगा। स्कूल के लिए पांच एकड़ भूमि चिह्नित कर ली गयी है।

अरविंद कुमार

जिला शिक्षा पदाधिकारी, जामताड़ा

chat bot
आपका साथी