मातम में बदली शादी की खुशियां, बुझ गया दो घरों का इकलौता चिराग; सड़क हादसे में तीन की मौत

Accident on Ranch-Tata Road. बेटी को पिता राजेश ने ससुराल के लिए विदा किया तो उन्हें पता नहीं था कि उसके साथ तीन घरों के बेटों को हमेशा के लिए विदा कर देंगे। इनमें दो लड़के अपने घर के इकलौते चिराग हैंं ।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Thu, 10 Dec 2020 02:56 PM (IST) Updated:Thu, 10 Dec 2020 02:56 PM (IST)
मातम में बदली शादी की खुशियां, बुझ गया दो घरों का इकलौता चिराग; सड़क हादसे में तीन की मौत
नामकुम के समीप कार ने सड़क पर खड़ी एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी।

जमशेदपुर, जासं।  टाटा स्टील से सेवानिवृत्त कर्मचारी राजेश कुमार की बेटी ऋृतु की दिल्ली के रहनेवाले विपुल गर्ग के साथ बुधवार को विवाह हुआ। एनएच-33 स्थित गोल्डन रिसॉट में धूमधाम से पार्टी हुई। रात दो बजे बेटी को पिता राजेश ने विदा किया तो उन्हें पता नहीं था कि उसके साथ तीन घरों के बेटों को हमेशा के लिए विदा कर देंगे। इनमें दो लड़के अपने घर के इकलौते चिराग हैंं।   

परिजनों की माने तो बहन की शादी के बाद ऋृतु का भाई राहुल कुमार सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ उन्हें रांची एयरपोर्ट छोड़ने गया था। दिल्ली से 48 लोगों की बारात आई थी। जो बस से रांची रवाना हुए और राहुल अपने दोस्त सुमित कुमार सहित दो अन्य दोस्तों के साथ रवाना हुए। सभी को रांची एयरपोर्ट पर सकुशल छोड़ कर कार से सभी वापस जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान नामकुम के समीप कार ने सड़क पर खड़ी एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। प्रारंभिक सूचना के अनुसार गाड़ी में बैठे तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज रांची रिम्स में चल रहा है। प्राप्त सूचना के अनुसार मरने वालों में दुल्हन का भाई राहुल कुमार, उसका दोस्त सुमित कुमार सहित अन्य शामिल हैं। 

राहुल व सुमित की मौत की जानकारी पर‍िजनों की नहीं

लेकिन राहुल व सुमित के दुर्घटना में मारे जाने की सूचना परिवारवालों को दोपहर दो बजे तक नहीं है। जबकि परिवार के सभी पुरुष दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद रांची के लिए रवाना हो गए हैं। घर में सभी को यही बताया गया है कि दुर्घटना हुई है जिसमें सभी घायल है।

बंगलुरु की आइटी कंपनी में काम करता है राहुल

दुल्हन ऋृतु का भाई राहुल (25 वर्ष) सेंट मेरीज स्कूल बिष्टुपुर से प्रारंभिक पढ़ाई के बाद बैचलर ऑफ कम्प्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) का कोर्स किया है। कुछ दिनों पहले ही बंगलुरु की एक आइटी कंपनी में राहुल की जॉब लगी थी। बहन की शादी में राहुल जमशेदपुर आया था। राहुल अपने माता-पिता का इकलौता लड़का है और अपनी बहन ऋृतु से छोटा है। राहुल रानीकुदर रोड नंबर तीन का निवासी है। 

डा. महेंद्र का बेटा है सुमित

जुगसलाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत जनरल फिजिशियन डा. महेंद्र प्रसाद का इकलौता बेटा है सुमित कुमार (22 वर्ष)। सुमित और राहुल साथ में ही सेंट मेरीज से पढ़ाई की। सुमित इन दिनों अरका जैन यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। अपने दोस्त की बहन की शादी में सुमित भी शामिल हुआ था। परिवार के सभी लोग पार्टी में शिरकत की थी। दो माह पहले ही सुमित के दादा की मौत हुई थी जबकि उनकी दादी अस्पताल में भर्ती हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद सुमित के पिता डा. महेंद्र, चचेरा भाई राजू सहित परिवार के कई सदस्य रांची गए हुए हैं। लेकिन इनके घर में किसी को मौत की खबर नहीं दी गई है। सुमित रानीकुदर रोड नंबर दो में रहता है।

chat bot
आपका साथी