सरयू राय ने बनाया अपना संगठन, नाम रखा भारतीय जन मोर्चा Jamshedpur News

भारतीय जन मोर्चा के कुछ प्रमुख पदाधिकारियों का भी ऐलान कर दिया। मोर्चा के जिला संयोजक रामनारायण शर्मा बनाए गए हैं।

By Vikas SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 20 Jan 2020 05:47 PM (IST) Updated:Tue, 21 Jan 2020 09:05 AM (IST)
सरयू राय ने बनाया अपना संगठन, नाम रखा भारतीय जन मोर्चा Jamshedpur News
सरयू राय ने बनाया अपना संगठन, नाम रखा भारतीय जन मोर्चा Jamshedpur News

जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। भाजपा से अलग होकर तत्‍कालीन मुख्‍यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव जीतनेवाले सरयू राय ने आखिर अपना अलग संगठन बना लिया। इस संगठन का नाम भारतीय जन मोर्चा रखा  है। सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्‍मेलन में खुद सरयू राय ने इस नए संगठन को गठित करने के बारे में जानकारी दी।

इस भारतीय जन मोर्चा के कुछ प्रमुख पदाधिकारियों का भी ऐलान कर दिया। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने बताया कि फिलहाल यह संगठन जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी में रहेगा। इसकी महिला, युवा, मजदूर इकाई भी गठित होगी। उन्‍होंने बताया कि मोर्चा के जिला संयोजक रामनारायण शर्मा बनाए गए हैं। सरयू राय ने कहा कि संगठन का स्वरूप राजनीतिक है, लेकिन फिलहाल गैर-राजनीतिक भूमिका रहेगी। इस संगठन में बृजेश उर्फ मुन्ना सिंह जमशेदपुर पश्चिमी के सहसंयोजक बनाए गए हैं।

एक दिन पूर्व ही सरयू ने दी थी जानकारी 

जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय ने एक दिन पूर्व रविवार को ही कहा था कि वे नया संगठन बनाएंगे। रविवार को साकची गुरुद्वारा बस्ती में आयोजित अभिनंदन समारोह में उन्‍होंने यह जानकारी देते हुए कहा था अगले ढाई महीने के भीतर अपना एक सांगठनिक ढांचा खड़ा कर लेंगे।

इसमें बूथ, मोहल्ला, मंडल व विधानसभा स्तर पर समितियां  गठित करने की बात कही थी। निर्दलीय चुनाव लड़ने के पीछे उन्‍होंन कहा कि चुनाव लड़ने के लिए उनके पास केवल 27 नवंबर से सात दिसंबर तक का समय था। उन दस दिन में नौजवानों, महिलाओं ने उन्हें अपनी ताकत दी और उनके भरोसे ही जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। उनकी जीत दरअसल यह जनता की जीत है।

फिलहाल वे मोहल्लों में घूमकर लोगों से समिति बनाने का आग्रह कर रहे हैं, ताकि वहां की समस्याओं का निदान कराया जा सके। एक पहल यह की जा रही है कि सामुदायिक भवन संचालन के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को एक नियमावली बनाने को कहा है, ताकि गरीब परिवार न्यूनतम राशि देकर उसका उपयोग कर सके।

chat bot
आपका साथी