झारखंडी गठबंधन को बाबूलाल मरांडी से मिले सालखन मुर्मू

पूर्व सांसद सालखन मुर्मू ने झारखंडी गठबंधन के प्रस्ताव को अमल में लाने के लिए बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Wed, 10 Oct 2018 12:48 PM (IST) Updated:Wed, 10 Oct 2018 12:48 PM (IST)
झारखंडी गठबंधन को बाबूलाल मरांडी से मिले सालखन मुर्मू
झारखंडी गठबंधन को बाबूलाल मरांडी से मिले सालखन मुर्मू

जमशेदपुर (जेएनएन)। आगामी चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक जोड़तोड़ का दौर शुरू हो चुका है। सभी दल अपने हिसाब से तानाबाना बुन रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जहां साफ कर दिया है कि लोकसभा चुनाव बाद ही सांसद प्रधानमंत्री चुनेंगे वही अभी अन्य दल भी अपना पत्ता नहीं खोल रहे हैं। सीटों के हिसाब से कोल्हान का खास महत्व है। यहां झामुमो, झाविमो, भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेता लगातार दौरा कर आधार मजबूत करने की कवायद में जुटे हैं।

इसबीच कोल्हान से आनेवाले नेता व पूर्व सांसद सालखन मुर्मू ने झारखंडी गठबंधन के प्रस्ताव को अमल में लाने के लिए झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की। झारखंड दिशोम पार्टी और आदिवासी सेंगेल अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद सालखन मुर्मू ने बताया कि प्रस्ताव का समर्थन करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड का नियंत्रण बाहर से नहीं बल्कि झारखंड से ही होना चाहिए।

मुर्मू ने इसके साथ ही आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की अनुपस्थिति में उनके सलाहकार संजय बसु मल्लिक, आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच, रांची के केंद्रीय अध्यक्ष राजू महतो, फादर स्टेन स्वामी आदि से भी मुलाकात की।

सालखन ने बताया कि गोड्डा में अडानी पावर प्लांट द्वारा जबरन और क्रूरतापूर्ण भू अधिग्रहण के खिलाफ 11 अक्टूबर को संताल परगना बंद का आह्वान किया गया है। झादिपा और एएसए द्वारा आहूत बंद संताल परगना के छह जिलों में रहेगा।  

chat bot
आपका साथी