Jharkhand Assembly Election 2019 : आज दिल्ली से लौटेंगे सरयू राय, राजनीतिक हलकों में ये हो रही चर्चा Jamshedpur News
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सरयू शनिवार को दिल्ली से लौटेंगे। दरअसल वे अपना टिकट पक्का करने तो गए ही हैं बहरागोड़ा से डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी का टिकट पक्का करने गए हैं।
जमशेदपुर, जासं। jharkhand assembly poll 2019 झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय गुरुवार को ही दिल्ली चले गए थे। वे शुक्रवार को भी वहां थे। खबर है कि शनिवार को सरयू दिल्ली से लौट जाएंगे। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सरयू शनिवार को दिल्ली से लौटेंगे। दरअसल, वे अपना टिकट पक्का करने तो गए ही हैं, बहरागोड़ा से डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी का टिकट पक्का करने गए हैं।
दिनेशानंद गोस्वामी और सरयू राय का घर ना केवल जमशेदपुर के बिष्टुपुर में है, बल्कि दोनों पड़ोसी भी हैं। दोनों घनिष्ठ मित्र भी हैं। यह पूर्व के कई घटनाक्रमों में साबित भी हो चुका है। यही वजह रही कि बहरागोड़ा के झामुमो विधायक कुणाल षड़ंगी के भाजपा में शामिल होने के बाद सरयू राय ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। नो कमेंट के साथ उन्होंने अपनी बात समाप्त कर दी थी। हालांकि कुणाल के भाजपा में शामिल होने पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार को छोड़कर किसी बड़े नेता, विधायक या सांसद ने खुलकर कोई बयान नहीं दिया है।
शाम तक साफ होगी तस्वीर
यह हैरान करने वाली बात है कि मौजूदा विधायक किसी दल से भाजपा में शामिल हो रहा है और कोई खुश नहीं है। राजनीतिक हलकों में यही चर्चा है कि सरयू राय डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के लिए लॉबिंग करने गए हैं। अब वे इसमें कितना सफल होते हैं, शनिवार शाम तक पता चल जाएगा। सूत्रों के मुताबिक भाजपा पहले और दूसरे चरण वाले चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा शनिवार शाम को कर सकती है। ज्ञात हो कि सरयू राय जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ेंगे। टिकट का फैसला भले ही नहीं हुआ हो, लेकिन उन्होंने काफी पहले अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कर लिया था। क्षेत्र भ्रमण तो पूरे पांच साल तक करते रहे।