जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील के खिलाफ खोला मोर्चा, जल सत्याग्रह पर बैठे पूर्व मंत्री

पूर्व मंत्री एवं जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राय ने रविवार को जल सत्याग्रह शुरू किया। उन्होंने टाटा स्टील यूटिलिटीज इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व नाम जुस्को) पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sun, 16 Jan 2022 03:57 PM (IST) Updated:Sun, 16 Jan 2022 03:57 PM (IST)
जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील के खिलाफ खोला मोर्चा, जल सत्याग्रह पर बैठे पूर्व मंत्री
केबुल टाउन में जल सत्याग्रह पर बैठे विधायक सरयू राय एवं उनके समर्थक। जागरण

जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक व झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सरयू राय ने रविवार को जल सत्याग्रह शुरू किया है।  उन्होंने टाटा स्टील यूटिलिटीज इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व नाम जुस्को) पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। विधायक ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के केबुल बस्ती स्थित न्यू डीएस फ्लैट सहित तमाम अन्य बस्तियों में पेयजल कनेक्शन देने के मामले में किए जा रहे वादाखिलाफी के विरूद्ध एकजुट होकर प्रतिकार किया जा रहा है।

लोग खुद कर लेंगे कनेक्शन

विधायक सरयू राय द्वारा आहूत जल-सत्याग्रह में भारतीय जनतंत्र मोर्चा के तमाम जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व तमाम पार्टी कार्यकर्ता शामिल हैं। विधायक ने कहा कि जुस्को ने जल्द कनेक्शन देने की पहल नहीं की, लोग खुद ही पानी का कनेक्शन कर लेंगे। नियम के मुताबिक जुस्को को भुगतान भी कर देंगे। भाजमो के पूर्वी विधायक संयोजक अजय सिन्हा ने बताया कि पूर्वी विधानसभा की दर्जनों बस्तियों एवं हजारों लोगों के घरों तक टाटा स्टील यूटिलिटीज पेयजल कनेक्शन देने में आनाकानी कर रही है, जिसे भाजमो किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी। पूर्वी की जनता के मौलिक अधिकार के लिए हमारे नेता सरयू राय के आह्वान पर हमने जनांदोलन का आगाज कर दिया है।

इनकी रही उपस्थिति

जल सत्याग्रह में भाजमो के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महामंत्री मनोज सिंह उज्जैन, मंत्री राजेश कुमार झा, विकास गुप्ता, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि (व्यवसाय मामलों) सह महानगर प्रवक्ता आकाश आह, टेल्को मंडल अध्यक्ष महेश तिवारी, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष कैलाश झा, बिरसानगर मंडल अध्यक्ष एम चंद्रशेखर राव, बारीडीह मंडल अध्यक्ष विजय नारायण सिंह, साकची मंडल अध्यक्ष वरुण सिंह, लक्ष्मीनगर मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष विनोद यादव, बर्मामाइंस मंडल प्रतिनिधि कमल किशोर, शंभू झा सहित अन्य उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी