Coronavirus Jharkhand : झारखंड के नौ जिले खतरनाक, पूर्वी सिंहभूम में 15.34 फीसद की रफ्तार से बढ़ रहा कोरोना
झारखंड में बीते एक सप्ताह में 6.27 से बढ़कर 11.28 फीसद कोरोना मरीजों की संख्या हो गई है। रांची में सबसे अधिक 20 फीसद जबकि सबसे कम दुमका में 3.54 फीसद मरीज हैं।
जमशेदपुर,अमित तिवारी। Coronavirus Jharkhand कोरोना पूरे राज्य में तेजी से फैला है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी यह रिपोर्ट चितिंत करने वाली है। झारखंड में बीते सप्ताह कोरोना मरीजों की संख्या 6.27 थी, जो अब बढ़कर 11.28 हो गई है। इसमें सबसे अधिक गोड्डा जिला प्रभावित है। यहां बीते सप्ताह सिर्फ 2.67 फीसद कोरोना के मरीज थे जो इस सप्ताह बढ़कर 18.40 हो गए हैं। यानी यहां मरीजों की संख्या लगभग 16 फीसद की रफ्तार से बढ़ रही है।
वहीं, रांची में बीते सप्ताह 7.95 फीसद मरीज थे जो अब बढ़कर 20.31 हो गए हैं। यहां 12 फीसद की दर से वृद्धि है। इसी तरह, रामगढ़ में 5.76 से बढ़कर 16.97 फीसद हो गए हैं। धनबाद में यह संख्ता 5.37 से बढ़कर 16.57 हो गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले में 13.81 से बढ़कर 15.34 फीसद मरीज हो गए हैं। इसके अलावे पश्चिमी सिंहभूम, गिरीडीह, सरायकेला व देवघर जिले में मरीजों की संख्या 10 फीसद से अधिक है। वहीं, राज्य में सबसे कम दुमका में कोरोना मरीजों की संख्या है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में दो दिन में 10 हजार लोगों की होगी कोरोना जांच
कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले में 17 व 18 अगस्त को विशेष अभियान चलाकर लोगों की जांच की जाएगी। इस दौरान कुल 10 हजार नमूना संग्रह किया जाएगा। इसे लेकर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में कार्यरत एक-एक एएनएम को जिला सर्विलेंस विभाग के महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ असद द्वारा ट्रेनिंग दी गई है। इससे पूर्व भी 12 से 14 अगस्त के बीच राज्य में कुल 34 हजार 719 लोगों की जांच की गई है। इसमें रांची से 2660 व पूर्वी सिंहभूम जिले से 2492 लोगों की जांच हुई है।
राज्य के किस जिले में कितने तेजी से बढ़ा कोरोना
जिला : बीते सप्ताह (फीसद) : इस सप्ताह (फीसद)
रांची : 7.95 : 20.31
गोड्डा : 2.67 : 18.40
रामगढ़ : 5.76 : 16.97
धनबाद : 5.37 : 16.57
पूर्वी सिंहभूम : 13.81 : 15.34
पश्चिमी सिंहभूम : 4.95 : 14.39
गिरीडीढ़ : 6.59 : 13.59
सरायकेला : 3.64 : 10.36
देवघर : 14.78 : 10.36
हजारीबाग : 3.82 : 9.70
गढ़वा : 4.12 : 9.33
पलामू : 6.33 : 9.01
खुंटी : 5.30 : 8.54
जामताड़ा : 3.07 : 7.72
कोडरमा : 8.49 : 7.44
बोकारो : 4.11 : 6.75
चतरा : 6.06 : 6.73
साहेबगंज : 2.98 : 6.66
सिमडेगा : 7.17 : 5.11
लातेहार : 1.79 : 4.72
गुमला : 5.32 : 4.70
पाकुड़ : 1.48 : 4.14
लोहरदागा : 10.42 : 3.74
दुमका : 4.19 : 3.54
पांच जिले में घटा कोरोना
- लोहरदागा में बीते सप्ताह कोरोना 10.42 फीसद था, जो घटकर 3.74 आ गया है।
- गुमला में बीते सप्ताह 5.32 फीसद था, जो घटकर 4.70 हो गया है।
- सिमडेगा में बीते सप्ताह 7.17 फीसद था, जो घटकर 5.11 हो गया है।
- कोडरमा में बीते सप्ताह 8.49 फीसद था, जो घटकर 7.44 हो गया है।
- देवघर में बीते सप्ताह 14.78 था जो घटकर 10.36 हो गया है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में पांच सप्ताह में बढ़ी मरीजों की संख्या (फीसद में)
सप्ताह : फीसद
पहला (5 से 11 जुलाई) : 64.45
दूसरा (12 से 18 जुलाई) : 5.56
तीसरा (19 से 25 जुलाई) : 12.40
चौथा (26 जुलाई से 1 अगस्त) : 13.81
पांचवा (2 से 9 अगस्त) : 15.34