कुचाई में नक्सलियों से मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल

encounter. सरायकेला-खरसावां जिले के बदानी पहाड़ी के लूदूरबेड़ा में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा ऑपरेशन चल रहा है। इस क्रम में कोबरा बटालियन के एक जवान के घायल होने की खबर है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Wed, 16 Jan 2019 01:52 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jan 2019 03:30 PM (IST)
कुचाई में नक्सलियों से मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल
कुचाई में नक्सलियों से मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल

जमशेदपुर/सरायकेला, जेएनएन। कोल्हान के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना इलाके के बदानी पहाड़ी के लूदूरबेड़ा में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा ऑपरेशन चल रहा है। दोनों ओर से बुधवार सुबह करीब साढ़े दस  बजे से ही मुठभेड़ चल रही है। इस क्रम में कोबरा बटालियन के एक जवान के घायल होने की खबर है। जवान को इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची ले जाया गया। 

बताया गया है कि लूदूरबेड़ा में नक्सलियों के इकट्ठा होने की सूचना पर सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिला पुलिस के जवानों के साथ सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के जवानों ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस को आता देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की। इस दौरान एक जवान को गोली लगी। सरायकेला-खरसावां के आरक्षी अधीक्षक चंदन कुमार सिंह ने बताया कि कोबरा बटा‍लियन के घायल जवान विश्राम लाल को इलाज के लिए रांची भेजा गया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी महाराज प्रमाणिक का दस्ता यहां आया हुआ है।

नक्सल प्रभावित है कुचाई

सरायकेला-खरसावां जिला का कुचाई जंगली इलाका है और नक्सल प्रभावित है। यहां नक्सली बराबर वारदात को अंजाम देते ही रहते हैं। हालांकि, इधर नक्सलियों की गतिविधियां थमी हुई थी। खूंटी कुचाई से सटा है। नक्सली इधर दबाव बढ़ने पर उधर निकल जाते हैं।

तीन दिन पूर्व घाटशिला के जंगल में चला था सर्च अभियान

एक करोड़ के इनामी नक्सली आकाश को दबोचने के लिए रविवार को पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने घाटशिला के जंगल में सर्च अभियान चलाया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आकाश दस्ते के नक्सली घाटशिला के तीनकोनिया जंगल में देखे गए हैं। इस सूचना पर पुलिस के जवान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के साथ जंगल में घुस गए और सर्च अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व जमशेदपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) प्रणव आनंद झा कर रहे थे।एएसपी अभियान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सली आकाश व सचिन के सहयोगियों को जंगल में देखा गया है। सूचना मिलते ही आसपास के आधा दर्जन गांवों में सर्च अभियान चलाया गया। अभियान में हालांकि पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। टीम ने झाटीझरना, भुमरो, फूलझोर, काशीडांगा, डालापानी आदि गांवों में एक-एक घर की तलाशी ली और लोगों से पूछताछ की।

खुफिया विभाग ने दी चेतावनी, नक्सली दोबारा हो रहे सक्रिय

पूर्वी सिंहभूम जिले में नक्सली दोबारा सक्रिय हो रहे हैं। इसकी चेतावनी खुफिया विभाग ने दी है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि जिले में कुछ माह से नक्सलियों की आहट सुनाई नहीं दे रही थी। कई माह की शांति के बाद नक्सली एक बार दोबारा संगठन को मजबूत करने के लिए दलमा पहाड़ की तलहटी, घाटशिला व गुड़ाबांधा में बसे बस्तियों में अपने पुराने सहयोगियों से संपर्क करना शुरू कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी