टेल्को भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा पर हमला, घर में तोड़फोड़

बुलेट पर सवार तीन युवकों ने टेल्को भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विकास कुमार शर्मा को घेर लिया। थाना जाने से रोकने की कोशिश की। नहीं रुकने पर युवक गाली-गलौज करने लगे।

By Edited By: Publish:Mon, 18 Jun 2018 10:30 AM (IST) Updated:Mon, 18 Jun 2018 12:41 PM (IST)
टेल्को भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा पर हमला, घर में तोड़फोड़
टेल्को भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा पर हमला, घर में तोड़फोड़

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टेल्को भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विकास कुमार शर्मा पर युवकों ने भुजाली से हमला किया। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की। जान से मारने की धमकी दी। घटना शनिवार देर रात की है। शर्मा ने इसकी शकायत टेल्को थाने में दर्ज कराई है। हमले के आरोपित विकास सिंह, रंजीत पांडेय और एक अन्य हैं। पुलिस से की गई शिकायत में विकास शर्मा ने बताया है कि 17 जून की रात जोजोबेड़ा कृष्णानगर में हुए फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में बतौर अतिथि के रूप में शामिल होकर साढ़े बारह बजे रात टेल्को कॉलोनी क्रास रोड नंबर चार स्थित अपने आवास लौट रहे थे।

इसी दौरान मां ने फोन कर बताया कि बाइक सवार दो युवक घर पर आए और ईट-पत्थर चलाने लगे। खिड़की के शीशे तोड़। मां के शोर मचाने पर बाइक सवार युवक भाग निकले। घर पहुंचने पर उन्होंने मां से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद घटना की सूचना देने को टेल्को थाना जाने के लिए निकले। तभी बुलेट पर सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। थाना जाने से रोकने की कोशिश की। नहीं रुकने पर युवक गाली-गलौज करने लगे। एक युवक विवेक सिंह ने कमर से भुजाली निकाली और पेट पर वार करने का प्रयास किया। उन्होंने भुजाली को हाथ से पकड़ लिया, जिससे बाएं हाथ की कानी अंगुली कट गई। इसी बीच पीछे से एक युवक ने उनके गले से सोने की चेन निकाल ली। किसी तरह जान बचाकर वे घर की ओर भागे। टेल्को पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

टेल्को में वाहनों को तोड़ने से जुड़ा है मामला
दूसरी ओर थाने में 20-22 युवकों ने लिखित शिकायत में बताया है कि टेल्को कॉलोनी भारत कल्याण संघ, गणेश पूजा समिति की ओर से 16 जून की रात को फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। आए दिन इलाके में क्वार्टरों के सामने खड़ी बसों और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना हो रही है। इस घटना को रोकने के लिए असामाजिक तत्वों की शिनाख्त को युवकों की टोली इलाके में निगरानी कर रही है। काले रंग की पल्सर पर सवार तीन युवकों को तेजी से आता देख रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने लाठी-डंडा निकाल लिया। इनके हाथ में पत्थर भी थे, जो बसों को तोड़ने के लिए रखे गए थे। युवकों को बाइक सवारों ने धमकाया। बावजूद युवकों ने कोई विवाद नहीं किया। वाहनों को क्षति पहुंचाने वालों में एक युवक की पहचान चंदन शर्मा के रूप में की गई। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करें।

chat bot
आपका साथी