छेड़खानी के कारण की गई सन्नी लोहार की हत्या

By Edited By: Publish:Thu, 31 Jul 2014 01:34 AM (IST) Updated:Thu, 31 Jul 2014 01:34 AM (IST)
छेड़खानी के कारण की गई सन्नी लोहार की हत्या

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित बाराद्वारी देवनगर निवासी मंटू लोहार के पुत्र सन्नी लोहार की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। तीनों ने हत्या में संलिप्तता स्वीकार की है। इनसे सिटी एसपी कार्तिक एस ने बुधवार को अपने कार्यालय में पूछताछ भी की। हिरासत में लिए गए युवकों में भरत प्रधान, महावीर सोरेन एवं शंभू पात्रो शामिल है जबकि विक्की फरार है। युवक की हत्या से आक्रोशित बस्ती की महिलाओं ने विक्की के मामा शेखर शांडिल की जमकर पिटाई कर दी। उसकी दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई की गई। घायल शेखर को एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

घटना के बाद हत्या के नामजद आरोपी के परिवार वाले दहशत में हैं। हत्या में मामले में पुलिसिया कार्रवाई की जानकारी लेने को बस्ती की महिलाएं एवं अन्य लोग सीतारामडेरा थाना पहुंचे और त्वरित कार्रवाई किए जाने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। हिरासत में लिए गए युवक महावीर सोरेन ने पत्रकारों को बताया कि युवक की छेड़खानी के कारण ही हत्या की गई। वह बस्ती में छेड़खानी करता था। कई बार उसे चेतावनी दी गई थी। वह दूसरे टोला का था और बस्ती में आता-जाता था। सोमवार को उसने अपने सहयोगी भरत प्रधान व शंभू के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। भरत प्रधान व शंभू ने शराब सेवन किया। सन्नी लोहार जिस जमीन पर ईट की देखरेख करने को जाता था, वहां उसने शराब पी। योजना के तहत सन्नी लोहार की हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस हत्या मामले में कुछ नहीं बता रही है। गुरुवार को पुलिस मामले का खुलासा करेगी।

--

लोगों में आक्रोश, विक्की के मामा की पिटाई

जमशेदपुर : सीतारामडेरा स्थित देवनगर निवासी सन्नी लोहार की हत्या होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को आरोपी विक्की सांडिल के मामा शेखर सांडिल को काशीडीह स्थित कुम्हार पाड़ा में स्थानीय लोगों ने पीटकर जख्मी कर दिया। उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शेखर ने बताया कि घटना की रात वह शहर में नहीं था। गुरुवार को बाबा धाम गया था, वहां से मंगलवार को लौट कर प्रसाद बांटने के लिए कुम्हार पड़ा गया था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पत्थर व डंडा से जमकर पिटाई कर दी। शेखर के सिर व शरीर में चोट आई है। शेखर की मां दुर्गा सांडिल अस्पताल परिसर में बिलख-बिलख कर रो रही थी और न्याय की मांग कर रही थी।

chat bot
आपका साथी