सड़क किनारे गड्ढे में मिला शव, हत्या का आरोप

मुफस्सिल थाने के हरसिगरायडीह के समीप सोमवार की सुबह गिरिडीह-टुंडी मुख्य मार्ग के किनारे एक गड्ढे में शव पाया गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 09 Apr 2019 01:17 AM (IST) Updated:Tue, 09 Apr 2019 06:45 AM (IST)
सड़क किनारे गड्ढे में मिला शव, हत्या का आरोप
सड़क किनारे गड्ढे में मिला शव, हत्या का आरोप

जागरण संवाददाता, गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरसिगरायडीह के पास सोमवार सुबह गिरिडीह-टुंडी मुख्य मार्ग के किनारे गड्ढे में एक शव मिला। सूचना मिलने पर मुफस्सिल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान झरियागादी गांव निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र ठाकुर के रूप में की गई।

इधर शव मिलने के बाद परिजनों समेत गांव वाले आक्रोशित हो गए और राजेंद्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

रविवार को काम पर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा: मृतक की पत्नी मंजू देवी ने बताया कि उसका पति मोहनपुर क्षेत्र में एक निजी कंपनी में वाहन चालक था। रोज की तरह रविवार को भी वह काम पर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। फोन भी ऑफ हो गया। इसी बीच सोमवार सुबह हरसिगरायडीह के पास सड़क किनारे एक गड्ढे में उसका शव मिला। महिला ने कहा कि उसके पति की हत्या कर घटना को हादसे का रूप देने की साजिश की गई है।

महिला ने बताया कि उसका भतीजा बिट्टू ठाकुर व गांव की एक लड़की प्रेम प्रसंग में गांव छोड़कर चले गए हैं। इसकी शिकायत लड़की के परिजनों ने थाने में की है। घर पर आकर कई बार हत्या की धमकी भी दी थी। दो दिन पूर्व दो लोगों ने घर पर आकर राजेंद्र से काम पर आने-जाने के बारे में पूछा था। महिला ने संदेह जताया कि लड़की के परिजनों ने ही उसके पति को मार डाला।

थाने में हंगामा: शव को थाना लाने के बाद परिजनों व ग्रामीणों की भीड़ थाने में जमा हो गई। परिजन हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस पदाधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर वापस घर भेज दिया। थाना पहुंचे मंगरोडीह मुखिया साठू ठाकुर, गणेश ठाकुर सहित अन्य लोग कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

लड़की के घर की तोड़फोड़: हत्या से आक्रोशित परिजनों व गांव के लोगों ने आरोपितों के घर पर तोड़फोड़ भी की। इस क्रम में घर के छप्पर के साथ-साथ शौचालय के दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। गांव में हंगामे की खबर पर मुफस्सिल पुलिस की टीम गांव पहुंची और मामले को शांत कराते हुए जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती कर दी। टीम में एसआइ पंकज कुमार सिंह, एएसआइ संजय कुमार, गणेश पासवान के अलावा अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

10 लोगों के खिलाफ थाने में आवेदन: मृतक की मां शांति देवी ने थाने में आवेदन देकर 10 लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। आरोपितों में तीतू यादव उर्फ रोहन यादव, गेंदो यादव, पांड यादव उर्फ सोनू यादव, कमल यादव, गुड्डू यादव, गुलाब यादव, सुरेश यादव, पांडेय उर्फ मुकेश यादव, चिकू यादव व रतन यादव शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी