प्रेमी के सामने दुष्कर्म मामले में टूटी पुलिस की नींद

घटनास्थल को कोडरमा जिला बताकर चैन की नींद सो रही पुलिस दोपहर करीब दो बजे अचानक रेस हो गई। परसन ओपी के थाना प्रभारी रवींद्र कुमार पांडेय दोपहर को प्रेमी के गांव पहुंचे।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 09 Jul 2019 05:47 PM (IST) Updated:Wed, 10 Jul 2019 06:58 AM (IST)
प्रेमी के सामने दुष्कर्म मामले में टूटी पुलिस की नींद
प्रेमी के सामने दुष्कर्म मामले में टूटी पुलिस की नींद

खोरीमहुआ : घोड़थंबा ओपी अंतर्गत कोदवारी गांव में प्रेमी के सामने ही प्रेमिका से दुष्कर्म करने एवं दोनों के साथ अमानवीय तरीके से मारपीट करने के मामले का दैनिक जागरण में खुलासा होने के बाद आखिरकार खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस की नींद मंगलवार की दोपहर टूट ही गई। सुबह से घटनास्थल को कोडरमा जिला बताकर चैन की नींद सो रही पुलिस दोपहर करीब दो बजे अचानक रेस हो गई। परसन ओपी के थाना प्रभारी रवींद्र कुमार पांडेय दोपहर को प्रेमी के गांव पहुंचे। दुष्कर्म के बाद प्रेमी युगल ने विवाह रचा लिया है। ओपी प्रभारी ने दोनों से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद दोनों को लेकर घोड़थंबा ओपी पहुंचे। जमुआ के इंस्पेक्टर विनय राम ने वहां दोनों का बयान लिया। सूत्रों के अनुसार युवती ने पुलिस को पूरी घटना बताई। पीली शर्ट पहने युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, इसकी भी जानकारी दी। शाम को इंस्पेक्टर व अन्य अधिकारी पीड़ित युवती को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार पीली शर्ट पहने दुष्कर्मी का बराबर घोड़थंबा ओपी आना-जाना है। इलाके में उसकी दबंग वाली छवि भी है। वह डान के नाम से भी जाना जाता है। मधुर संबंध रहने के कारण घोड़थंबा ओपी पुलिस सीधे उसके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रही है। उसका नाम भी उजागर हो चुका है। बावजूद पुलिस 48 घंटे से हाथ पर हाथ रखकर बैठी हुई थी।

रविवार की रात सोशल मीडिया में इस घटना का वीडियो वायरल हुआ था। घटना बुधवार की है। वीडियो वायरल होने के बाद दैनिक जागरण की टीम ने दिनभर मेहनत कर पूरे मामले का खुलासा किया था। पीड़ित युवती को खोज निकाला था। युवती ने बिलखते हुए दुष्कर्म एवं मारपीट की पूरी घटना की जानकारी दी थी।

आधा दर्जन से अधिक युवकों ने कोदवारी गांव में प्रेमी युगल की बेरहमी से पिटाई करने के बाद जंगल की ओर ले गए थे। वहां प्रेमी के समक्ष युवती से आधा दर्जन युवकों में शामिल एक युवक जो पीली शर्ट पहने था ने दुष्कर्म किया था। दूसरे सभी युवक दुष्कर्म के दौरान प्रेमी की पिटाई करते रहे। युवक एवं युवती पहले से शादीशुदा हैं।

पिटाई के बाद युवक के ससुराल वालों को बुलाकर दोनों को सौंप दिया। युवक की ससुराल कोडरमा जिला अंतर्गत नवलशाही थाना के बेको गांव में है। ससुरालवाले दोनों को अपने गांव बेको ले गए। दामाद के दूसरी लड़की से रंगरेलियां मनाने की बात से गांव वाले भड़क गए थे। इस कारण यहां भी दोनों की पिटाई के लिए लोग उग्र हो गए थे।

किसी ने उसी दौरान नवलशाही थाना प्रभारी को सूचना दे दी। तुरंत थाना प्रभारी राजीव प्रसाद मौके पर पहुंचे और दोनों को अपने हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में उन्होंने बिना किसी ठोस पूछताछ के और बांड भराए दोनों को छोड़ दिया। प्रेमी के समक्ष दुष्कर्म एवं पिटाई का यह मामला लोकलाज के भय से दब गया था। दुष्कर्म एवं पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद इस कांड का खुलासा हो सका।

chat bot
आपका साथी