बगोदर के प्रवासी मजदूर की नादेड़ में मौत, सड़क पर आया परिवार, पत्‍नी-बच्‍चों के नहीं थम रहे आंसू

तापेश्‍वर महाराष्ट्र के नादेड़ मे हाइवा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। दुर्घटना वाले दिन वह मौके पर एक हाइवा को ठीक करने का काम कर रहा था कि तभी गाड़ी को पीछे करने के क्रम में दूसरे हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Wed, 22 Mar 2023 10:50 AM (IST) Updated:Wed, 22 Mar 2023 10:50 AM (IST)
बगोदर के प्रवासी मजदूर की नादेड़ में मौत, सड़क पर आया परिवार, पत्‍नी-बच्‍चों के नहीं थम रहे आंसू
हाइवा दुर्घटना में मृत तापेश्वर महतो की फाइल फोटो।

जासं, गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र के औंरा पंचायत के दामा गांव निवासी भगत महतो के 28 वर्षीय पुत्र तापेश्वर कुमार महतो की मंगलवार को हाइवा की चपेट मे आने से महाराष्ट्र के नादेड़ में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही यहां स्वजनों मे कोहराम मचा है। घर मे पीड़ित स्वजनों को सांत्वना देने को लोगों की भीड़ लगी है। मौत से मृतक की पत्नी, दो पुत्री सात वर्षीय लक्ष्मी कुमारी, चार वर्षीय नीतू कुमारी व डेढ वर्ष का पुत्र बेसहारा हो गया है।

महतो की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़

महतो की कमाई से ही घर-बार चलता था। महतो वहां हाइवा चलाता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह चार माह पूर्व घर से महाराष्ट्र गया था। स्वजनों के मुताबिक महतो कंपनी के कैम्प में खराब हाइवा को दुरुस्त कर रहा था।

इसी दौरान पीछे करने के क्रम में दूसरे हाइवा ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। महतो का भाई ज्ञानचंद वहां पहुंच गया है। बताया कि कंपनी के अधिकारी से बात हो रही है। वार्ता के बाद शव को बगोदर लाने की व्यवस्था की जाएगी।

हाइवा से हादसे की और भी हैं घटनाएं

हाइवा से हादसे की खबर पहले भी आती रही हैं। इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर स्थित सीनी मोड़ पर देर रात हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार सरायकेला निवासी राजाराम महतो की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे मनसा महतो को गंभीर चोटें आईं। 

इसी तरह से साहिबगंज-महाराजपुर मुख्य सड़क पर महाराजपुर भट्टा के समीप एक हाइवा की चपेट में आने से महाराजपुर बाजार निवासी रामचंद्र महतो के पुत्र 28 वर्षीय गोरकी महतो की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी 25 वर्षीय गुड़िया देवी व दो बच्चों तीन वर्षीय पुटकी कुमारी व दो वर्षीय लव कुमार घायल हो गए थे। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। बाद में गुड़िया देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्‍हें मालदा के लिए रेफर किया गया और वहीं ले जाने के क्रम में रात के 11 बजे उनकी मौत हो गई।

chat bot
आपका साथी