गढ़ में झाविमो को एक और झटका

गांडेय (गिरिडीह) : झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के गृह जिले में पार्टी को एक के बाद एक झटके लग रहे

By Edited By: Publish:Wed, 26 Nov 2014 08:27 PM (IST) Updated:Wed, 26 Nov 2014 08:27 PM (IST)
गढ़ में झाविमो को एक और झटका

गांडेय (गिरिडीह) : झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के गृह जिले में पार्टी को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। पहले दल के तीन सीटिंग विधायकों ने पार्टी को अलविदा कहा। बुधवार को एक और झटका तब लगा जब जिलाध्यक्ष प्रो. प्रवीण चौधरी ने इस्तीफा देकर झाविमो को टाटा कह दिया।

उनका कहना है कि वर्ष 2009 में ही सुप्रीमो ने गांडेय से टिकट देने का भरोसा दिया था। उस समय गठबंधन में सीट चली गई। इस बार मौका आया तो भाजपा से आए लक्ष्मण स्वर्णकार को उम्मीदवार बना दिया। इसलिए पार्टी छोड़ने को विवश हुए। उनके साथ गांडेय की पूरी प्रखंड कमेटी ने झाविमो को अलविदा कह दिया है।

बताया गया कि प्रो. चौधरी गांडेय विस सीट से पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार थे। इसकी जानकारी चौधरी ने कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद पार्टी कार्यालय में दी। उन्होंने कहा कि वे बाबूलाल मरांडी के साथ तब से जुड़े थे, जब उन्होंने भाजपा का साथ छोड़ा था। मरांडी ने बराबर टिकट देने का आश्वासन दिया, लेकिन आसन्न विस चुनाव में एक दलबदलू नेता को पार्टी का टिकट दे दिया।

उनके साथ पार्टी छोड़नेवालों में प्रखंड अध्यक्ष भोला मंडल, प्रकाश चंद्र मिश्र, वीरेंद्र राय, बिल्टू राय, अवधेश राय, मनी राय, वंशीधर मंडल, उस्मान अंसारी, नजरूल हक, प्रमोद राय, प्रकाश यादव, अशोक पाठक, बालेश्वर मंडल, महेंद्र मंडल, प्रदीप कुमार चौधरी, बसंत सिंह, मीना देवी, सुभाष पाठक, दीपक पाठक, गंगाधर ठाकुर आदि शामिल हैं। कहा कि वे किस पार्टी में जाएंगे, इसका निर्णय कार्यकर्ता करेंगे।

chat bot
आपका साथी