समाजसेवी पर भाजपा में बवाल

By Edited By: Publish:Fri, 25 Jul 2014 06:13 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jul 2014 06:13 PM (IST)
समाजसेवी पर भाजपा में बवाल

गिरिडीह

समाजसेवी विनोद सिन्हा के गिरिडीह आगमन पर भाजपा के शीर्ष नेताओं की तस्वीर के साथ जगह-जगह फ्लैक्स व होर्डिग लगाने के साथ भाजपा में बवाल मच गया है। पार्टी के वरीय नेता सह पूर्व विधायक चंद्रमोहन प्रसाद ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है। भाजपा नेताओं की तस्वीर नहीं हटाने पर विरोध के साथ कानूनी कार्रवाई की बात कही।

शुक्रवार को आवासीय कार्यालय में पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद ने कहा कि विनोद सिन्हा समाजसेवी के रूप में अपना फ्लैक्स लगाएं, पार्टी को कोई आपत्ति नहीं है, पर पीएम नरेंद्र मोदी, एलके आडवाणी, नितिन गडकरी, यशवंत सिन्हा आदि समेत प्रदेश के अर्जुन मुंडा, रवींद्र राय, रघुवर दास आदि नेताओं की तस्वीर में अपने को निवेदक कैसे दिखा दिया। जबकि वे भाजपा में हैं ही नहीं। इस बारे में नगर लेकर राज्य स्तरीय नेता से बात की लेकिन सभी ने उनके पार्टी सदस्यता लिए जाने पर अनभिज्ञता जताई। वे कार्यकर्ता गुमराह और जनता को दिग्भ्रमित हो रहे हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि अभी विस चुनाव निकट है। कार्यकर्ताओं की राय होगी तभी उम्मीदवार बनेंगे। बगैर स्वीकृति के भाजपा व उनके नेताओं के नाम का इस्तेमाल करना निंदनीय है। शीघ्र फ्लैक्स व बोर्ड से शीर्ष नेताओं की तस्वीर व भाजपा का नाम नहीं हटाया गया संगठन प्रदेश इकाई से राय लेकर आवश्यक कदम उठाएगा। मौके पर सुरेंद्र राय, रंजन सिन्हा, बाबुल गुप्ता, ओपी गुप्ता, कन्हैया ओझा, दीपक पंडित, नगर अध्यक्ष संजीत सिंह पप्पू, श्री बग्गा आदि थे।

--------------

शिकायत पार्टी फोरम में रखना चाहिए : विनोद

गिरिडीह : समाजसेवी विनोद सिन्हा ने भाजपा के पूर्व विधायक चंद्रमोहन प्रसाद के बयान पर सिर्फ इतना कहा कि वे पार्टी के वरीय नेता के साथ उनके अग्रज भी हैं। कोई शिकायत थी तो उसे पार्टी फोरम में पहले उठाना चाहिए था न कि सीधे मीडिया में। शीघ्र ही सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी