गांधी के सपनों का भारत विषय पर विचार गोष्ठी 30 को
संवाद सूत्र श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला परिषद की बैठक जंगीप
संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला परिषद की बैठक जंगीपुर गांव में हुई। इसमें पार्टी द्वारा गत 5 जनवरी से 15 जनवरी तक चलाए गए जनजागरण अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में 30 जनवरी को श्री बंशीधर नगर में विचार गोष्ठी का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। विषय होगा गांधी के सपनों का भारत। जन जागरण अभियान के तहत 10 प्रखंडों के 37 गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं से कार्यकर्ता अवगत हुए। इसमें पाया गया कि कुछ गांवों में सड़क चौड़ीकरण के लिए किसानों से ली गई भूमि का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। पाचाडुमर से खोखा, भोजपुर से विशुनपुरा व नगर उंटारी से चाना कला तक सड़क चौड़ीकरण का मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं मिला है। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गनियारी खुर्द में यूरिया नदी पर पुल व चैक डैम निर्माण कराने, गरदा-बरहिया में हरियाहा नाला, अगियाबीर नाला, मचवादह नाला पर चैकडैम का निर्माण कराने की जरूरत है। ताकि खेतों को सिचाई के लिए पानी मिल सके। लवाहिकला के मंगरदह नदी एवं जरही के चहेलिया नदी पर अधूरे पुल का निर्माण कराने, रमना से बुलका, शक्ति से टाटीदीरी, सगमा, संध्या होते विलासपुर तक, चंदना, करीवाडीह होते खरौंधी तक सड़क निर्माण की जरूरत पर ग्रामीणों ने जोर दिया। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री के नाम छह हजार खुला पत्र का वितरण किया गया। विचार गोष्ठी में गांधी के सपनों का भारत और मोदी सरकार के लोकतंत्र विषय पर चर्चा की जाएगी। इसकी तैयारी के लिए 27 जनवरी से प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता गणेश सिंह ने की। मौके पर जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला, राजकुमार राम, खलील खां, राम विजय सिंह, नवरंगी पाल, श्री राम, देवीदयाल मेहता, यूनुस खान, विद्या पासवान, मूर्ति कुंवर, रामनाथ उरांव आदि उपस्थित थे।