फसल बीमा के बदले किसान राहत योजना: मंत्री

जागरण संवाददाता दुमका कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि अब झारखंड में फसल बीमा के बद

By JagranEdited By: Publish:Thu, 07 Jan 2021 12:24 AM (IST) Updated:Thu, 07 Jan 2021 12:24 AM (IST)
फसल बीमा के बदले किसान राहत योजना: मंत्री
फसल बीमा के बदले किसान राहत योजना: मंत्री

जागरण संवाददाता, दुमका : कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि अब झारखंड में फसल बीमा के बदले किसानों के लिए वैकल्पिक किसान राहत योजना से राहत दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। किसान राहत योजना शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। इस योजना के शुरू होने से किसानों को बीमा कंपनियों पर निर्भर नहीं रहना होगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए हेमंत सरकार कई नई योजनाएं तैयार कर रही हैं, जिन्हें शीघ्र धरातल पर उतारने की पहल होगी। इसके तहत एक लाख बिरसा किसान तैयार किए जाएंगे। किसानों को संबलता देने के लिए अलग-अलग योजनाओं पर 355 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। अब बीपीएल व एपीएल श्रेणी महिलाओं को 50 फीसद अनुदान पर गाय दिया जाएगा। किसानों को सम्मान देने के लिए चैंबर ऑफ किसान का गठन किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि हेमंत सरकार ने ऋण माफ कर नौ लाख सात हजार किसानों के चेहरे पर खुशहाली लाई है। मात्र एक रुपये में 50 हजार रुपये की ऋण माफी कर सरकार ने किसानों को उम्मीदों को पूरा किया है। कोविड-19 की वजह से वर्ष 2020 चुनौतियों से भरा था, लेकिन सभी चुनौतियों का मुकाबला सरकार ने डट कर किया है। कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि हो इसके लिए सरकार गंभीरता से पहल कर रही है। किसान पुत्र होने के नाते कृषकों का दर्द समझते हैं। इसलिए किसानों के हक व अधिकारों से छल व बेइमानी किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी। हेमंत सरकार ने जिस वक्त सत्ता की बागडोर संभाली थी उस वक्त राज्य का खजाना खाली था। अब सरकार नए सिरे से राज्य में आर्थिक हालात को सुधारने में जुटी है और इसकी झलक आने वाले दिनों में दिखेगी।

दुमका की उपायुक्त राजेश्वरी बी ने कहा कि जिला स्तरीय किसान मेला कृषि प्रदर्शनी के आयोजन से किसानों को लाभ मिलेगा। कृषि और इससे जुड़े महकमा के अधिकारियों में भी नई ऊर्जा का संचार होगा। राजेश्वरी ने कहा कि जिला प्रशासन समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए कृत संकल्पित है। आने वाले दिनों में प्रखंड में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कर योग्य लाभुकों को विभाग की योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

कृषि पदाधिकारी ने ओम प्रकाश चौधरी ने कृषि विभाग के लक्ष्य एवं किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मौके पर उप विकास आयुक्त डॉ संजय सिंह, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह, युगल किशोर सिंह, संजीत सिंह, प्रेम साह, राजद के जिला अध्यक्ष अमरेंद्र यादव समेत कई गण्यमान्य मौजूद थे। इस मौके पर इंडोर स्टेडियम परिसर में कृषि प्रदर्शनी भी लगाया गया था जिसमें कृषि महकमा, गव्य विकास, पशुपालन विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, मत्सय विभाग, सहकारिता विभाग की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई थी।

chat bot
आपका साथी