पिछले चुनाव में था प्रतिद्वंद्वी, इस बार भाजपा के साथ खड़ा जदयू

बीते चुनाव में दुमका विधानसभा से चुनाव लड़ने वाला जदयू इस बार गठबंधन धर्म निभाते हुए भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी की जीत का मार्ग प्रशस्त करने के लिए मतदाताओं को गोलबंद कर रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 05:09 PM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 05:09 PM (IST)
पिछले चुनाव में था प्रतिद्वंद्वी, इस बार भाजपा के साथ खड़ा जदयू
पिछले चुनाव में था प्रतिद्वंद्वी, इस बार भाजपा के साथ खड़ा जदयू

जागरण संवाददाता, दुमका: तीन नवंबर को दुमका विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी बसंत सोरेन को हराने के लिए एनडीए ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। बीते चुनाव में दुमका विधानसभा से चुनाव लड़ने वाला जदयू इस बार गठबंधन धर्म निभाते हुए भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी की जीत का मार्ग प्रशस्त करने के लिए मतदाताओं को गोलबंद कर रहा है। बुधवार को एनडीए गठबंधन में मजबूती को प्रदर्शित करते हुए भाजपा एवं जदयू की एक संयुक्त प्रेसवार्ता भी आयोजित की गई।

मौके पर दुमका के चुनाव प्रभारी रामकुमार पाहन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। सूबे में आदिवासियों व महिलाओं के साथ आए दिन हो रहे दुष्कर्म व हत्या की घटनाओं में शामिल अपराधियों को पकड़ने के बजाय मुख्यमंत्री भाजपा को लाठी-डंडे से खदेड़ने की बात कर रहे हैं।

पाहन ने कहा कि जदयू एनडीए का महत्वपूर्ण अंग है। जिस तरह बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में मजबूती के साथ भाजपा-जदयू एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं, उसी तरह झारखंड में भी जदयू दोनों सीट पर पूरी मजबूती से एनडीए के प्रत्याशी साथ खड़ा है। पाहन ने हेमंत सरकार पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि जनता 10 महीने में ही राज्य में चल रहे महा ठगबंधन की सरकार से निजात चाहती है। राज्य की स्थिति भयावह है। कानून-व्यवस्था ठप है। राज्य में ऑन रिकॉर्ड 1200 से ज्यादा दुष्कर्म और और हत्याएं हुई हैं। इस तरह की घटनाएं जंगल राज का एहसास करा रही हैं। सरकार की नीयत और नीति दोनों में खोट है।

जदयू के संताल परगना प्रभारी रंजीत जायसवाल ने कहा कि हेमंत सरकार से आम जनता त्रस्त है। राज्य सरकार सिर्फ बयानों के भरोसे चल रही है। मौके पर भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाइक, भाजपा दुमका जिला संगठन प्रभारी सत्येंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अजय गुप्ता, एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष कालेश्वर मुर्मू उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी