पार्षद पुत्री की मोकामा में हत्या, दूसरी शादी का विरोध करने पर पति ने ही मार डाला Dhanbad News

पार्षद सावित्री देवी की विवाहित बेटी सुभद्रा कुमारी की मोकामा में हत्या कर दी गई। उसके पति अरविंद पर ही हत्या का आरोप है। बताया जाता है कि अरविंद का अन्य महिला के साथ संबंध है।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Thu, 28 Nov 2019 10:08 AM (IST) Updated:Thu, 28 Nov 2019 10:08 AM (IST)
पार्षद पुत्री की मोकामा में हत्या, दूसरी शादी का विरोध करने पर पति ने ही मार डाला Dhanbad News
पार्षद पुत्री की मोकामा में हत्या, दूसरी शादी का विरोध करने पर पति ने ही मार डाला Dhanbad News

मोकामा/धनबाद, जेएनएन। धनबाद की भाजपा नेत्री सह पुटकी थाना क्षेत्र के गोपालीचक दो नंबर निवासी वार्ड नंबर नौ की पार्षद सावित्री देवी की विवाहित बेटी सुभद्रा कुमारी की मोकामा में गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके पति मोर पश्चिम पंचायत निवासी बिजलीकर्मी अरविंद कुमार पासवान पर ही हत्या का आरोप लगा है। विवाहिता के परिजनों को घटना की जानकारी बुधवार को मिली।

आरोप है कि अरविंद का दूसरी महिला से अवैध संबंध था और उसने छिपकर शादी कर ली थी। इसका विरोध करने पर उसने पहली पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। विवाहिता की मां सावित्री देवी धनबाद नगर निगम के वार्ड 9 की पार्षद हैं। वे भाजपा महिला मोर्चा की धनबाद प्रखंड अध्यक्ष भी बताई जाती हैं। उनके पति बीसीसीएल में कार्यरत थे। पूरा परिवार धनबाद में ही रहता है।

पति के अन्य महिला से अवैध रिश्ते का किया विरोध : बताते हैं कि हाथीदह थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी सुरेश पासवान की पुत्री सुभद्रा कुमारी (25 वर्ष) की शादी वर्ष 2014 में मोकामा के अरविंद पासवान से हुई थी। दंपति को ढाई साल की एक बेटी भी है। पुत्री सुभद्रा कुमारी को जब अपने पति के एक अन्य महिला से अवैध रिश्ते की जानकारी हुई तो वह इसका विरोध करने लगी।

पत्नी के साथ अक्सर मारपीट कर प्रताड़ित करता था पति : आरोप है कि इसके बाद पति पत्नी के साथ अक्सर मारपीट कर उसे प्रताड़ित करने लगा। बाद में इस बात का पता चला कि पति ने उक्त महिला से शादी कर ली है। विवाहिता ने इस बात की जानकारी मायकेवालों को भी दी और न्याय की गुहार लगाई। इसी बीच बुधवार को अचानक रिश्तेदारों को विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दिए जाने की सूचना मिली।

पति गिरफ्तार, दूसरी पत्नी माला भी नामजद : मोकामा थानाध्यक्ष राजनंदन शर्मा ने बताया कि पति को गिरफ्तार कर थाने लाया गया है। विवाहिता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतका के भाई भूपेंद्र कुमार के बयान पर पति और मोकामाघाट निवासी उसकी दूसरी पत्नी माला देवी समेत अन्य को नामजद किया गया है।

chat bot
आपका साथी