DMC Politics: जिस वीएचपी नेता की भाजपा में सांसद पीएन ने रोकी एंट्री उसे सरयू ने लगाया गले, रमेश लड़ेंगे नगर निगम का चुनाव

विश्व हिंदू परिषद धनबाद के मंत्री रमेश पांडेय धनबाद नगर निगम के उपाध्यक्ष का चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने पिछले महीने विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री का पद छोड़ भाजपा की राजनीति शुरू करने की तैयारी की। लेकिन सांसद पीएन सिंह के विरोध के कारण एंट्री नहीं मिली।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 19 Dec 2020 01:29 PM (IST) Updated:Sat, 19 Dec 2020 05:45 PM (IST)
DMC Politics: जिस वीएचपी नेता की भाजपा में सांसद पीएन ने रोकी एंट्री उसे सरयू ने लगाया गले, रमेश लड़ेंगे नगर निगम का चुनाव
रमेश पांडेय का भारतीय जनता मोर्चा में स्वागत करते विधायक सरयू राय (फोटो जागरण)।

धनबाद, जेएनएन। झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष धनबाद के सांसद पीएन सिंह की साजिश का शिकार बने विश्व हिंदू परिषद के नेता रमेश पांडेय को जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने गले लगाया है। पांडेय ने शनिवार को रांची में राय की उपस्थिति में भारतीय जनता मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। भाजमो के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने पांडेय को फूल माला पहनाकर, अंग वस्त्र देकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। विधायक सरयू राय ने उन्हें पार्टी में शामिल होने पर उनका अभिनंदन किया तथा शुभकामनाएं दी। पांडेय धनबाद नगर निगम के डि‍प्‍टी मेयर का चुनाव लड़ेंगे। राय ने पांडेय को अभी से चुनावी तैयारी में जुट जाने का निर्देश दिया।

सांसद पीएन सिंह के विरोध के कारण पांडेय को भाजपा में नहीं मिली एंट्री

विश्व हिंदू परिषद धनबाद के मंत्री रमेश पांडेय धनबाद नगर निगम के डि‍प्‍टी मेयर का चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने पिछले महीने विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री का पद छोड़ भाजपा की राजनीति शुरू करने की तैयारी की। इसके बाद अच्छा खासा-खर्च कर कार्यक्रम की तैयारी की। लेकिन सांसद पीएन सिंह के विरोध के कारण पांडेय के भाजपा में शामिल होने का मामला लटक गया। शामिल होने से एक दिन पहले कार्यक्रम रद कर दिया गया। इसके बाद पांडेय ने सरयू राय की पार्टी भारतीय जनता मोर्चा में शामिल होने का निर्णय लिया।

पीएन और सरयू राय में 36 का रिश्ता

सांसद पीएन सिंह और विधायक सरयू राय एक ही पार्टी परंपरा के रहे हैं। पीएन का टिकट कटवाकर सरयू राय धनबाद के भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने 2014 और 2019 में प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राय को टिकट नहीं मिला तो वे तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ गए। चुनाव में रघुवर दास को पराजित कर सरयू ने कमाल कर दिखाया। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता मोर्चा नामक एक अलग पार्टी बनाकर राजनीति कर रहे हैं। 

भाजमो के केंद्रीय अध्यक्ष ने किया स्वागत

केंद्रीय अध्यक्ष तिवारी ने भाजमो में स्वागत करते हुए उनसे कहा कि वे धनबाद कोयलांचल क्षेत्र में पांडे के आने से बहुत सारे युवा, बुद्धिजीवी, महिला सभी जुड़ेंगे। निस्वार्थ भाव से जनहित में कार्य करेंगे। अभी तक  रमेश के द्वारा बहुत सारे समाज में कार्य किए गए हैं। वैश्विक महामारी करोना के समय में भी इन्होंने अपने क्षेत्र में अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। और सेवा किया। अन्न वितरण, भोजन वितरण, असहाय गरीबों की शादी, जैसे अनेकों सामाजिक कार्य जनहित में किए। उसी का परिणाम है। भारतीय जनता मोर्चा पर लोगों की निगाहें टिकी है। लोग शामिल होने के लिए, अतुर है। आज बहुत ही पावन दिन पर उन्होंने पार्टी की सदस्यता रांची में ली । केंद्रीय अध्यक्ष  धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि कई लोग भाजमो में शामिल होने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं। बहुत जल्द कई प्रतिष्ठित लोग राज्य के  इसमें शामिल होंगे। अन्य पार्टियों के भी लोग संपर्क में हैं जो वर्षों से सामाजिक राजनैतिक सरोकार में लगे हैं। अन्य राज्यों से भी लोग संपर्क कर रहे हैं।

पंचायत और नगर निगम का चुनाव लड़ेगा भारतीय जनता मोर्चा

झारखंड प्रदेश में पंचायत और नगर  निगम चुनाव में पार्टी हिस्सा लेगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए भी लोग संपर्क कर रहे हैं अलग-अलग जिलों से लोग। इस मौके पर  वीरेंद्र त्रिपाठी रांची,  तारा पाठक धनबाद, अशोक कुमार सिन्हा रांची, डॉक्टर ओम प्रकाश पांडे, विवेक पांडे, धनजी पांडे जमशेदपुर और अशोक ठाकुर ने भी सदस्यता ली।

chat bot
आपका साथी