Jharkhand: गिरिडीह में आसमान से बरसी आफत; वज्रपात से महिला समेत दो की मौत, परिवार में पसरा मातम

गिरिडीह जिले के खोरीमहुआ अनुमंडल में शनिवार की शाम वज्रपात से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। करिहारी में जहां एक महिला की मौत हो गई वहीं लोरिया मेंं एक युवक की मौत हो गई।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Sun, 06 Sep 2020 11:28 AM (IST) Updated:Sun, 06 Sep 2020 11:34 AM (IST)
Jharkhand: गिरिडीह में आसमान से बरसी आफत; वज्रपात से महिला समेत दो की मौत, परिवार में पसरा मातम
Jharkhand: गिरिडीह में आसमान से बरसी आफत; वज्रपात से महिला समेत दो की मौत, परिवार में पसरा मातम

गिरिडीह, जेएनएन। जिले के खोरीमहुआ अनुमंडल में शनिवार की शाम को वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। हीरोडीह थाना अंतर्गत करिहारी गांव में वज्रपात से जहां एक 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, वहीं गावां थाना अंतर्गत जमडार पंचायत के लोरिया गांव मेंं एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

दरअसल, शनिवार देर शाम को मूसलाधार बारिश के साथ मेघ गरजन से करिहारी गांव में नारायण पांडेय की 70 वर्षीय पत्नी सुमा पंडित की मौत वज्रपात से हो गई। वह गांव के टुपलाल बढ़ई के खपरैल नुमा घर मे रहती थी। बारिश के कारण वह बकरी को घर के अंदर बांधने गई थी। इसी क्रम में वज्रपात की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हालांकि इस घटना की जानकारी रविवार सुबह हो सकी। सुबह दूध देने गई महिला ने देखा कि वह घर के दरवाजे के पास गिरी पड़ी है। उसने आस-पास के लोगों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसके परिजन पहुंचे और शव को अपने घर ले गए।

वहीं, गावां थाना क्षेत्र के जमडार पंचायत के लोरिया में शनिवार की शाम वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि 30 वर्षीय लौरिया निवासी नन्हकू मरांडी अपने खेत से काम करके घर वापस लौट रहा था। तभी तेज गर्जन के साथ वज्रपात हो गया। इससे वहीं उसकी मौत हो गई। मृतक नन्हकू मरांडी के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र व एक पुत्री शामिल हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम छा गया है।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार यादव व जमडार के बलराम मुर्मू मृतक के घर पहुंचे व परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों को हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा लें, ताकि सरकारी स्तर पर मुआवजा मिल सके। पूर्व विधायक की ओर से शव को गिरिडीह ले जाने के लिए वाहन की भी व्यवस्था करवा दी गई थी। रविवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया।

chat bot
आपका साथी