Tundi Vidhan Sabha seat : भाजपा से विक्रम और झामुमो से मथुरा लड़ेंगे चुनाव, आजसू का सस्पेंस बरकरार

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने टुंडी विधानसभा सीट से मथुरा प्रसाद महतो के नाम की घोषणा कर दी। वहीं देर शाम भाजपा ने भी टुंडी से विक्रम पांडेय का टिकट फाइनल कर दिया।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Thu, 21 Nov 2019 01:12 PM (IST) Updated:Thu, 21 Nov 2019 01:12 PM (IST)
Tundi Vidhan Sabha seat : भाजपा से विक्रम और झामुमो से मथुरा लड़ेंगे चुनाव, आजसू का सस्पेंस बरकरार
Tundi Vidhan Sabha seat : भाजपा से विक्रम और झामुमो से मथुरा लड़ेंगे चुनाव, आजसू का सस्पेंस बरकरार

धनबाद, जेएनएन। विधानसभा चुनाव में धनबाद में पार्टियों की बिसात बिछ चुकी है। अधिकांश प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने टुंडी विधानसभा सीट से मथुरा प्रसाद महतो के नाम की घोषणा कर दी। वहीं देर शाम भाजपा ने भी टुंडी से विक्रम पांडेय का टिकट फाइनल कर दिया।

विक्रम झामुमो के मथुरा प्रसाद महतो से भिड़ेंगे। धनबाद जिले में यही एक सीट थी जहां भाजपा ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की थी। गौरतलब है कि टुंडी विधानसभा सीट से वर्तमान में राजकिशोर महतो विधायक हैं। वें 2014 का विधानसभा चुनाव आजसू पार्टी के टिकट पर लड़े थे। हालांकि तब आजसू का भाजपा के साथ गठबंधन था।

टुंडी से आजसू का सस्पेंस बरकरार : इस बार आजसू पार्टी ने अब तक टुंडी से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। चर्चा है कि इस बार यहां से स्वयं पार्टी प्रमुख सुदेश महतो चुनाव लड़ेंगे। राजकिशोर को डुमरी से टिकट दिया जा सकता है। दूसरी ओर राजकिशोर कुछ दिन पूर्व चुनाव अभियान की शुरुआत कर चुके हैं। गोमो में शहीद सदानंद झा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्होंने चुनाव अभियान की शुरुआत यह कहते हुए की थी कि पार्टी ने उन्हें टिकट दे दिया है।

भाजपा में बगावत, दीपनारायण ने दिया पार्टी से इस्तीफा

टुंडी सीट से विक्रम पांडेय को टिकट देने से भाजपा में बगावत के स्वर फूट पड़े हैं। टुंडी से ही टिकट के दावेदार दीपनारायण सिंह ने पार्टी की सदस्यता व प्रदेश उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश अध्यक्ष को लिखे पत्र में दीपनारायण ने कहा है कि वे 1996 से पार्टी कार्यकर्ता हैं। बावजूद उन्हें टिकट न देकर पार्टी ने कुबेर पुत्र को दे दिया है। यह आम जनमानस से खिलवाड़ है।

chat bot
आपका साथी