धनबाद में रात से ही हो रही बारिश, 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा में उड़ी बिजली

धनबाद समेत आसपास के जिलों में शुक्रवार की रात से ही तेज हवा के साथ जोरदार बारिश जारी है। शनिवार को सुबह लोग घरों से निकले तो बादलों ने घेर लिया। 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ पूरे जिले में बारिश हो रही है।

By Deepak Kumar PandeyEdited By: Publish:Sat, 20 Aug 2022 10:02 AM (IST) Updated:Sat, 20 Aug 2022 10:02 AM (IST)
धनबाद में रात से ही हो रही बारिश, 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा में उड़ी बिजली
कुछ जगहों पर हल्‍के से मध्‍यम दर्जे की बारिश के भी आसार हैं।

जागरण संवाददाता, धनबाद: धनबाद समेत आसपास के जिलों में शुक्रवार की रात से ही तेज हवा के साथ जोरदार बारिश जारी है। शनिवार को सुबह लोग घरों से निकले तो बादलों ने घेर लिया। 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवा के साथ पूरे जिले में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। विभाग ने आज दिनभर बारिश की संभावना जताई है। कल भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्‍के से मध्‍यम दर्जे की बारिश के भी आसार हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, पूरी सावधानी के साथ आज निकलें घरों से

यदि आज आप घर से निकल रहे हैं तो फिर पूरी सावधानी के साथ निकले। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में मानसून सक्रिय हो गया है। खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर की वजह से पिछले हफ्ते लगभग दो दिनों तक रुक रुक कर लगातार बारिश हुई थी। अब एक बार फिर बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर के बादल मजबूत हो गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, लो प्रेशर अब और ताकतवर रूप में डिप्रेशन बन गया है, जो समुद्री तूफान या चक्रवात का लघु रूप है। अगले कुछ घंटे में इसके और ताकतवर बन कर डीप डिप्रेशन का रूप लेने की पूरी संभावना है। इसका प्रभाव झारखंड पर भी दिखना शुरू हो गया है।

दूसरी ओर, मानसून ट्रफ हिमालय के तराई वाले हिस्से तक फैल गया है। हिमालय के निचले हिस्से से होकर मानसून ट्रफ उत्तर बिहार और दक्षिण बंगाल होकर डिप्रेशन वाले क्षेत्र तक फैले हैं। इन दोनों परिस्थितियों से झारखंड का मौसम भी प्रभावित होने लगा है। धनबाद में शनिवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया था। धनबाद के साथ-साथ बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग के कुछ हिस्से में गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई थी। इसके साथ ही 45 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवा चलने के खतरे को लेकर भी सतर्क रहने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की थी। उत्तर पूर्वी भागों में गर्जन और वज्रपात के साथ आंधी-तूफान का भी खतरा बना हुआ है। उत्तर पूर्वी जिलों में धनबाद के साथ जामताड़ा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले आते हैं।

पिछले 24 घंटे में 80 मिली‍मीटर से अधिक बारिश

मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे में हुई बारिश का रिकाॅर्ड भी जारी किया है। बंगाल से सटे धनबाद के पंचेत और मैथन में पूरे राज्य में सबसे अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। पंचेत के डीवीसी वाले एरिया में 88 मिलीमीटर बारिश हुई तो पंचेत के अन्य हिस्से में 80.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही मैथन में 86.6 मिलीमीटर बारिश का रिकार्ड बना।

तेज हवा में उड़ी बिजली

इधर, आंधी-बारिश की वजह से कुछ इलाकों में शुक्रवार देर रात से तो कुछ हिस्‍सों में शुक्रवार सुबह से बिजली गुल है। धैया फीडर इलाके में रात में बिजली कटने के बाद सुबह करीब सवा सात बजे डेढ़ घंटे के लिए आपूर्ति बहाल की गई। वहीं फिर बत्‍ती गुल होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इधर, हीरापुर इलाके में भी बिजली नहीं होने की वजह से लोगों को पीने का पानी नहीं मिल सका।

chat bot
आपका साथी