Bermo Byelection: आधी आबादी को साधने में जुटे पूर्व सीएम ने कहा, मेरे कार्यकाल में 585 महिलाओं के नाम एक रुपये में हुई जमीन रजिस्ट्री

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भाजपा सरकार में मात्र एक रुपये में महिलाओं के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री होती थी जिसे हेमंत सरकार ने बंद करा दिया। भाजपा के कार्यकाल में सिर्फ बेरमो विधानसभा क्षेत्र के 585 महिलाओं के नाम एक रुपये में जमीन रजिस्ट्री हुई है।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Sun, 18 Oct 2020 04:42 PM (IST) Updated:Sun, 18 Oct 2020 04:42 PM (IST)
Bermo Byelection: आधी आबादी को साधने में जुटे पूर्व सीएम ने कहा, मेरे कार्यकाल में 585 महिलाओं के नाम एक रुपये में हुई जमीन रजिस्ट्री
चलकरी बस्ती में महिलाओं की चौपाल को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास।

बेरमो, जेएनएन। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि महिलाएं शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा, मां सरस्वती व मां लक्ष्मी की रूप होती हैं। नारी शक्ति बिना देश व राज्य का विकास संभव नहीं है। रघुवर रविवार को बेरमो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चलकरी बस्ती में महिलाओं की चौपाल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार महिलाओं की सुरक्षा में नाकाम है। कई बच्चियों की दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई है। ऐसी सरकार की गलत नीतियों का जवाब देने का आसन तरीका है उसके खिलाफ वोट देना।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में मात्र एक रुपये में महिलाओं के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री होती थी, जिसे झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने बंद करा दिया। भाजपा के कार्यकाल में सिर्फ बेरमो विधानसभा क्षेत्र के कुल 585 महिलाओं के नाम एक रुपये में जमीन रजिस्ट्री हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने महिलाओं को स्वरोजगार कराकर आत्मनिर्भर बनाने का काम किया, लेकिन झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने उसे बंद करा दिया।

रघुवर ने कहा कि गरीबों का हाल गरीब ही जान सकते हैं। राहुल गांधी व हेमंत सोरेन ने सोने के चम्मच से दूध पिया है तो उन्हें क्या पता गरीबी क्या होती है। हेमंत सरकार ने महिलाओं को एलपीजी गैस बंद कर दो हजार रुपये चूल्हा खर्चा देने का वादा किया था, जो हवाहवाई साबित हो गई। वहीं, बेरोजगारों को सालाना 72 हजार रुपये देने की घोषणा भी अमल में नहीं लाई गई। पूर्व सीएम ने कहा कि झारखंड में फिलहाल झूठे वादे करने वाली सरकार है, जिसने दस माह के कार्यकाल में अपने घोषणापत्र के मुताबिक एक भी कार्य नहीं किया।

उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस की सरकार किसान विरोधी है। किसानों के लिए जो लाभकारी योजनाएं भाजपा की सरकार चला रही थी, उसे झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने आते ही बंद करा दिया। भाजपा की सरकार सुकन्या योजना संचालित कर रही थी, उसे भी बंद करा दिया गया। झारखंड में 14 वर्ष में जितनी सड़क बनी थी, भाजपा की सरकार ने मात्र पांच वर्ष में उससे भी अधिक सड़क निर्माण कराया। पांच वर्ष में 137 पुल-पुलिया निर्माण कराया गया। कहा कि बालू-कोयले का अवैध कारोबार वर्तमान राज्य सरकार की शह पर पनप रहा है।

रघुवर दास ने बताया कि आठ हजार शिक्षकों की नियुक्ति भाजपा सरकार के कार्यकाल में की गई। गांव के आदिवासी-मूलवासी के बेटों को दारोगा बनाया गया। मौके पर हटिया के विधायक समरी लाल, झारखंड के पूर्व बीस सूत्री उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, आजसू नेता काशीनाथ सिंह, संतोष महतो, भाजपा नेता मृगांग शेखर, डॉ. प्रहलाद बर्णवाल, लक्ष्मण नायक, देवीदास, कमलेश ठाकुर, सचिन मिश्रा, सूरज नायक, मनोज कुमार ठाकुर, बबन प्रसाद, मनोहर नायक, मो. मनीरुद्दीन अंसारी, अंजू देवी, विनोद केवट आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी