Fighting in Dhanbad Jail: भाजपा विधायक ढुलू और यूपी के शूटर अमन के बीच झड़प, जेलर ने बताया अफवाह

Fighting in Dhanbad Jail जेलर अनिमेष चौधरी ने विधायक ढुलू महतो और यूपी के आजमगढ़ के शूटर अमन सिंह के बीच झड़प से साफ इन्कार किया है। घटना को महज अफवाह बताया है।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 23 Jul 2020 02:39 PM (IST) Updated:Thu, 23 Jul 2020 02:39 PM (IST)
Fighting in Dhanbad Jail: भाजपा विधायक ढुलू और यूपी के शूटर अमन के बीच झड़प, जेलर ने बताया अफवाह
Fighting in Dhanbad Jail: भाजपा विधायक ढुलू और यूपी के शूटर अमन के बीच झड़प, जेलर ने बताया अफवाह

धनबाद, जेएनएन।Fighting in Dhanbad Jail: बाघमारा के विधायक ढुलू महतो के करीबी अभिजीत बार के मालिक अभय सिंह के घर पर फायरिंग के मामले में नया ट्विस्ट आ गया है। अभय सिंह की पत्नी ने धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या में आरोपित शूटर अमन सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बाद धनबाद जेल में विधायक ढुलू महतो और अमन सिंह के बीच झड़प होने की बात गुरुवार को सोशल मीडिया में वायरल हुई। हालांकि जेलर अनिमेष चौधरी ने दोनों के बीच झड़प के इन्कार किया है। उनका कहना है कि यह महज अफवाह है।



बार मालिक के घर पर गोली चलाने के मामले में तीन नामजद

मंगलवार की रात रानीबाजार निवासी विधायक ढुलू महतो के करीबी अभिजीत बार के मालिक अभय सिंह के घर पर हुई गोली चालन की घटना में पुलिस ने कांड अंकित कर तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। कैमरे में कैद अपराधियों की तस्वीर के जरिये पुलिस दोषी तक पहुंचना चाह रही है। पुलिस संभावित कई ठिकाने पर छापेमारी कर चुकी है। अभय सिंह की पत्नी की लिखित सूचना पर अमन सिंह, शेरबहादुर सिंह और बुचन को आरोपित बनाया गया है। शिकायत में संदेह जताया गया है कि अमन के इशारे पर शेरबहादुर और बुचन ने गोली चालन की घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए साइबर एक्सपर्ट का सहयोग ले रही है। कई माह पूर्व अभय सिंह के अभिजीत होटल के द्वार के समक्ष अपराधियों ने गोली चलाकर दहशत फैला दी थी। पुलिस दोनों घटनाक्रम के मद्देनजर जांच कर रही है।



अमन सिंह पर एफआइआर होने धनबाद जेल का माहौल गर्म
गुरुवार को सोशल मीडिया में जेल के अंदर विधायक और अमन के बीच झड़प होने की बात वायरल हुई। झड़प के पीछे यूपी के रहने वाले अमन सिंह पर प्राथमिकी को कारण बताया जा रहा है। अमन सिंह यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला है। अपने आधा दर्जन से ज्यादा साथियों के साथ धनबाद जेल में नीरज सिंह हत्या कांड में  बंद है। संयोग से विधायक भी जेल में बंद हैं। विवाद का कारण अमन सिंह पर कतरास में थाना प्राथमिकी दर्ज होना बताया जा रहा है। अमन मानकर चल रहा है कि विधायक ढुलू के इशारे पर ही उनके समर्थक की पत्नी ने  प्राथमिकी दर्ज कराई। बस इसी को लेकर अमन और उनके समर्थक भाजपा विधायक के सेल के पास पहुंच गए। विधायक भी बाहर निकले। दोनों तरफ से तीखी बहस हुई। झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह के समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। संजीव भी नीरज हत्याकांड में धनबाद जेल में बंद हैं।


जेलर का इन्कार, सोशल मीडिया में घटना की चर्चा
धनबाद मंडल कारा के जेलर अनिमेष चौधरी ने विधायक और अमन के बीच झड़प से साफ इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि यह महज अफवाह है। विधायक जेल के अंदर सेल में हैं। उनतक कोई नहीं पहुंच सकता है। कुछ माह पहले अभय सिंह धनबाद जेल गया था। इस दाैरान जेल के अंदर अमन सिंह और अभय सिंह के बीच विवाद हुआ था। अब अभय सिंह के घर पर फायरिंग होने के बाद अमन सिंह को साजिशकर्ता बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। 

chat bot
आपका साथी