इस साल नहीं होगा छात्रसंघ चुनाव

बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव इस वर्ष नहीं होगा। विनोबा भावे विश्वविद्यालय की लेटलतीफी के कारण अब तक छात्रों का रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर नहीं हो सका है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Aug 2018 01:15 PM (IST) Updated:Thu, 09 Aug 2018 01:15 PM (IST)
इस साल नहीं होगा छात्रसंघ चुनाव
इस साल नहीं होगा छात्रसंघ चुनाव

जागरण संवाददाता, धनबाद: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव इस वर्ष नहीं होगा। विनोबा भावे विश्वविद्यालय की लेटलतीफी के कारण अब तक छात्रों का रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर नहीं हो सका है। यही कारण है कि छात्रसंघ चुनाव कराने की मंशा विश्वविद्यालय ने अब छोड़ दी है।

कुलपति डॉ. अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि सबकुछ सही समय पर होता तो नवंबर माह में चुनाव कराया जा सकता था। पर अभी तक विनोबा भावे विश्वविद्यालय से रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर नहीं हो पाया है और अब इसकी संभावना दिसंबर में परीक्षाएं समाप्त होने के बाद ही हो सकती हैं।

विभिन्न छात्र संगठनों की अनावश्यक गतिविधियों से परेशान विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रसंघ चुनाव कराकर ऐसे छात्र नेताओं से छुटकारा चाहती है, जो छात्रहित के नाम पर आए दिन महाविद्यालयों में आंदोलन कर शैक्षणिक कार्यो को प्रभावित करते हैं।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार छात्रसंघ चुनाव के बाद चुने हुए प्रतिनिधियों के अलावा अन्य छात्र नेताओं से विश्वविद्यालय प्रशासन वार्ता नहीं करेगा। अन्य छात्र नेताओं को चुने हुए प्रतिनिधियों के माध्यम से ही अपनी बात रखनी होगी।

इससे पूर्व तत्कालीन विनोबा भावे विश्वविद्यालय का चुनाव नवंबर 2016 में हुआ था, जिसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा समर्थित उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया था। वर्ष 2017 चुनाव से पूर्व ही 11 अप्रैल 2017 को राज्यपाल ने बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय की स्थापना का अनुमोदन कर दिया, जिसके बाद इस विश्वविद्यालय के अधीन महाविद्यालयों में चुनाव नहीं कराए जा सके।

------

''अभी तक विनोबा भावे विश्वविद्यालय से रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर नहीं हो पाया है और अब संभवत: दिसंबर में परीक्षाएं समाप्त होने के बाद ही हो सकती हैं। छात्रसंघ का चुनाव रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर के बाद ही होगा।''

- डा. अंजनी कुमार श्रीवास्तव, कुलपति, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय

chat bot
आपका साथी