प्रशासन के गले की फांस बनी कोयला लोडिंग में रंगदारी, विधानसभा अध्यक्ष से मांगा समय

विधानसभा स्पीकर के पत्र के जवाब में जिला प्रशासन ने चुनाव कार्यों में व्यस्तता का हवाला दिया है। कहा है-समस्या का समाधान करने के लिए चुनाव बाद संबंधित पक्षों की बैठक की जाएगी।

By mritunjayEdited By: Publish:Sun, 10 Mar 2019 12:33 PM (IST) Updated:Sun, 10 Mar 2019 12:33 PM (IST)
प्रशासन के गले की फांस बनी कोयला लोडिंग में रंगदारी, विधानसभा अध्यक्ष से मांगा समय
प्रशासन के गले की फांस बनी कोयला लोडिंग में रंगदारी, विधानसभा अध्यक्ष से मांगा समय

धनबाद, जेएनएन। बीसीसीएल के एरिया एक से पांच तक लिंकेज कोयला उठाव का विवाद धनबाद जिला प्रशासन के गले की फांस बन गया है। कोयला उठाव की मजदूरी दर तय करने को बनाई गई कमेटी की अनुशंसा के महीनों बाद भी प्रशासन इसे लागू करने की स्थिति में नहीं है। अब प्रशासन ने विधानसभा अध्यक्ष से इस समस्या के समाधान को और समय मांगा है।

विधानसभा स्पीकर के पत्र के जवाब में जिला प्रशासन ने चुनाव कार्यों में व्यस्तता का हवाला दिया है। कहा है कि चुनाव बीतने के बाद इस मुद्दे पर संबंधित पक्षों की बैठक कर समस्या का समाधान कर लेगी। बता दें कि जिला प्रशासन की कमेटी की अनुशंसा के खिलाफ बाघमारा विधायक ढुलू महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने विधानसभा में सवाल उठाया था। विधानसभा अध्यक्ष ने इसे प्रश्नोत्तर समिति के हवाले कर दिया था। इस प्रकार इस विवाद की जड़ में शामिल अरूप चटर्जी और ढुलू महतो दोनों ही प्रशासन पर भारी पड़ गए थे। अरूप की अध्यक्षता में धनबाद में समिति की बैठक भी हुई थी। बैठक में उपायुक्त ने हाथ खड़े करते हुए कह दिया था कि अनुशंसा को लागू करने का कोई प्रावधान ही नहीं है। हालांकि समिति ने विस अध्यक्ष को रिमाइंडर भेजा था। इस पर विस अध्यक्ष की कार्रवाई के बाद प्रशासन ने सभी पक्षों की बैठक करने की बात कहते हुए चुनाव बीतने तक समय देने की मांग की है।

विधानसभा अध्यक्ष से समय मांगा गया है। इस मुद्दे पर सभी पक्षों से सुझाव मांगा गया है। उनकी संयुक्त बैठक की जानी है। चुनाव के कारण व्यस्तता बढ़ गई है। लिहाजा अध्यक्ष महोदय से लोकसभा चुनाव बीतने तक की मोहलत देने की मांग की गई है।

- राकेश दुबे, एडीएम विधि-व्यवस्था

बीसीसीएल ने किया ई ऑक्शन रद : बीसीसीएल द्वारा मार्च माह के लिए शुक्रवार को होने वाला ई-ऑक्शन रद कर दिया है। कंपनी द्वारा जारी पत्र के अनुसार अब यह 15 मार्च को किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक ई-ऑक्शन में किसी कारोबारी के भाग नहीं लेने के कारण ही इसे रद किया गया है।

सांसद आरके सिन्हा के पत्र पर मंत्री ने लिया जवाब : कोयला मंत्री पीयूष गोयल ने राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के पत्र का संज्ञान लिया है। सांसद आरके सिन्हा ने आठ फरवरी को मंत्री को खत लिखा था। इसके जवाब में मंत्री पीयूष गोयल ने 25 फरवरी को उन्हें पत्र लिख कर जानकारी दी है कि संबंधित प्रभाग को कार्रवाई हेतु भेज दिया गया है। 

बीसीसीएल की सेहत पर असर  नहीं : बाघमारा क्षेत्र में लिंकेज कोयला का उठाव नहीं होने से बीसीसीएल की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। नंवबर से उठाव बंद है। चार माह में करीब सात लाख टन लिंकेज कोयला का उठाव नहीं हो पाया है। प्रबंधन का मानना है कि लिकेंज का कोयला उठाव नहीं होने से उस कोयला का ऑक्शन या डिस्पैच अन्य जगहों से किया जा रहा है।

सांसद विजय हांसदा ने फिर मंत्री को लिखा पत्र : मंत्रालय द्वारा कोई कदम नहीं उठाए जाने पर सांसद विजय हांसदा ने कोयला मंत्री पीयूष गोयल से फिर मिलकर जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पीएमओ तक पत्र लिखने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जब तक रंगदारी समाप्त नहीं हो जाती, हार्ड कोक एसोसिएशन कोयला नहीं उठाएगा। सांसद ने 22 नंवबर को भी कोयला मंत्री को पत्र दिया था।

बेनीडीह, फुलारीटांड़ सहित कई डंप पर विवाद : जमुनिया, खरखरी, बेनीडीह, मुराईडीह, महेशपुर, आकाशकिनारी, फुलारीटांड़, शताब्दी, कांटापहाड़ी, ब्लॉक फोर के कोयला डंप पर विवाद है। कतरास के चैतुडीह, कनकनी व कतरास में मशीन से लोडिंग हो रहा है।

chat bot
आपका साथी