अपनी जमीन बचाने के लिए कांग्रेस हर एक प्रखंड व नगर में बनाएगी 31 सदस्यों की कार्यकारिणी कमेटी

धनबाद में कांग्रेस अपनी जमीन बचाने की जद्दोजहद कर रही है। शहरी क्षेत्र ही नहीं ग्रामीण इलाकों में भी पैठ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी राष्ट्रीय नेतृत्व के अभियान भारत जोड़ो यात्रा को मास्टर स्ट्रोक मानकर इसे कैश करने में जुट गई है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Sep 2022 08:19 AM (IST) Updated:Thu, 29 Sep 2022 08:19 AM (IST)
अपनी जमीन बचाने के लिए कांग्रेस हर एक प्रखंड व नगर में बनाएगी 31 सदस्यों की कार्यकारिणी कमेटी
कार्यक्रम का उद्देश्य कांग्रेस की विचारधारा से लोगों को अवगत कराना और अपने साथ जोड़ना है।

धनबाद [आशीष सिंह]: धनबाद में कांग्रेस अपनी जमीन बचाने की जद्दोजहद कर रही है। शहरी क्षेत्र ही नहीं, ग्रामीण इलाकों में भी पैठ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी राष्ट्रीय नेतृत्व के अभियान भारत जोड़ो यात्रा को मास्टर स्ट्रोक मानकर इसे कैश करने में जुट गई है। यही कारण है कि जिले के वरीय नेताओं के साथ ही प्रखंड, नगर, पंचायत एवं वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

एक दिन पहले जिला कांग्रेस कमेटी की उच्च स्तरीय बैठक में रणनीति बनी। अपनी जमीन बचाने के लिए कांग्रेस कमेटी प्रत्येक प्रखंड एवं नगर में 31 सदस्यों की कार्यकारिणी सदस्य बनाने जा रही है। इसके लिए बकायदा टास्क दिया जा रहा है। सभी प्रखंड नगर अध्यक्ष अपने-अपने प्रखंड एवं नगर में 10 अक्टूबर तक 31 सदस्यों की कार्यकारिणी कमेटी का गठन कर जिला कांग्रेस कार्यालय को अवगत कराएंगे। इसका उद्देश्य कांग्रेस की विचारधारा से लोगों को अवगत कराना और अपने साथ जोड़ना है।

नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन को बनाएंगे मजबूत

भारत जोड़ाे यात्रा की सफलता में नवनियुक्त प्रदेश प्रतिनिधियों एवं प्रखंड व नगर अध्यक्षों की महती भूमिका होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने पदाधिकारियों को इसकी अहमियत से अवगत करा दिया है। जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने विश्वास जताया है कि सभी पदाधिकारियों को दी जिम्मेवारी से संगठन को मजबूती मिलेगी। सभी प्रखंड नगर अध्यक्षों को डिजिटल सदस्यता अभियान की शुरुआत करने का भी निर्देश दिया गया। इसके माध्यम से कांग्रेस पार्टी में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का काम होगा। लोगों के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की भी योजना बनी है।

दस नवंबर तक पंचायत एवं वार्ड में गठित करें कमेटी

जिला कांग्रेस ने प्रखंड एवं नगर की पंचायत एवं वार्ड में बैठक कर 10 नवंबर तक पंचायत एवं वार्ड कमेटी गठन करने पर जोर लगाया है। इतना ही नहीं अब सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्ष को प्रत्येक माह मासिक बैठक करनी है। इसमें कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ने का प्रयास होगा, ताकि समस्या का पता चल सके और इसका समाधान तलाशा जा सके। पीसीसी डेलिगेट, नवनियुक्त प्रखंड एवं नगर अध्यक्ष अपने क्षेत्र में बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान चलाकर बूथ कमेटी का गठन कर प्रखंड, नगर, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का भी काम करेंगे। कुल मिलाकर कांग्रेस अपनी साख बचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है।

chat bot
आपका साथी