भूली में डेढ़ करोड़ की लागत से पांच वर्ष पहले बना पुल, संपर्क पथ के लिए अब भी इंतजार Dhanbad News

भूली में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की ओर से पुल का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य दो क्षेत्रों को आपस में जोड़ना था लेकिन संपर्क पथ नहीं होने के कारण लोगों को फायदा नहीं हो रहा।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Sat, 09 Nov 2019 01:49 PM (IST) Updated:Sat, 09 Nov 2019 01:49 PM (IST)
भूली में डेढ़ करोड़ की लागत से पांच वर्ष पहले बना पुल, संपर्क पथ के लिए अब भी इंतजार Dhanbad News
भूली में डेढ़ करोड़ की लागत से पांच वर्ष पहले बना पुल, संपर्क पथ के लिए अब भी इंतजार Dhanbad News

धनबाद, जेएनएन। डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुए, पुल बन गया। तामझाम से शिलान्यास फिर उद्घाटन भी हुआ। लेकिन, सबसे अहम कार्य विभाग एप्रोच सड़क (संपर्क पथ) बनाना ही भूल गया। अब फिर से विधानसभा चुनाव होने वाला है। अब भूली के लोगों को आशा है कि नई सरकार में इस पुल के लिए सड़क बन जाएगी। लिहाजा जहां चार पहिया वाहनों का आवागमन होना था, वहां दो पहिया वाहन आवागमन कर रहे हैं।

यहां भूली बी ब्लॉक व पंचवटी नगर (ए ब्लॉक) के बीच ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की ओर से पुल का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य दो क्षेत्रों को आपस में जोड़ना था। लेकिन इसका फायदा यहां के लोगों को नहीं मिला।

16 अक्टूबर 2014 को हुआ था उद्घाटन : मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत इस पुल का उद्घाटन तत्कालीन आपदा प्रबंधन व मत्स्य विभाग के मंत्री ने 16 अक्टूबर 2014 को किया था। पुल का निर्माण ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल ने किया था। जगह नहीं मिलने की बात कहकर अधिकारियों ने एप्रोच सड़क बाद में बनाने की बात कही थी। लेकिन आज पांच वर्ष के बाद भी संपर्क पथ नहीं बन सका है।

पुल के आसपास की स्थिति : पुल के एक ओर बीसीसीएल की बी ब्लॉक कॉलोनी है। यहां लोगों के आने-जाने के लिए सिंगल लाइन सड़क है। वहीं दूसरी ओर पंचवटी नगर, भूली बस्ती व ए ब्लॉक का इलाका शुरू होता है। यहां भी सड़क काफी संकरी है। इस स्थिति को देखते हुए विभाग ने यहां पुल बना दिया।

पुल बनाते वक्त संपर्क पथ पर नहीं दिया ध्यान : स्थानीय निवासी महेंद्र कुमार, कैलाश यादव, विरेंद्र कुमार कहते हैं कि पुल बनाते वक्त संपर्क पथ पर ध्यान नहीं दिया गया। इस कारण पुल की कोई उपयोगिता नहीं है। इसे बीएल कॉलोनी होकर पार होना था, यहां पर जगह है, लेकिन बगल के कॉलोनी से फिलहाल किसी तरह बाइक पार हो पा रहे हैं।

जमीन विवाद के कारण हुआ होगा ऐसा : धनबाद ग्रामीण विकास विशेष विभाग के कार्यपालक अभियंता वीरमणि ने कहा कि योजना की जानकारी लेता हूं। इसकी उपयोगिता बढ़ाने के लिए जो उपाय होंगे, उसे तलाशा जाएगा। जमीन विवाद के कारण ऐसा हुआ होगा।

chat bot
आपका साथी