सांसद पीएन सिंह से उनके आवास पर मिलीं रागिनी, मिठाई खिलाकर लिया जीत का आशीर्वाद Dhanbad News
झरिया विधानसभा सीट से टिकट फाइनल होने के बाद भाजपा नेत्री रागिनी सिंह मंगलवार को धनबाद के सांसद पीएन सिंह से मिलने उनके आवास पर पहुंची व मिठाई खिलाकर जीत का आशिर्वाद लिया।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly election 2019 भाजपा ने झरिया विधानसभा क्षेत्र से रागिनी सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा ने रविवार को सूबे के 52 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें झरिया से रागिनी का नाम भी शामिल था। पार्टी से टिकट फाइनल होने के बाद भाजपा नेत्री मंगलवार को धनबाद के सांसद पीएन सिंह से मिलने उनके आवास पहुंची व मिठाई खिलाकर जीत का आशिर्वाद लिया।
भाजपा ने इस बार महिला उम्मीदवार को झरिया के चुनावी रण में उतारा है। रागिनी झरिया से भाजपा विधायक संजीव सिंह की पत्नी हैं। संजीव फिलहाल पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह के हत्या के आरोप में जेल में हैं। भाजपा विधायक ने बीते दिनों जेल से ही चुनाव लड़ने की इक्छा जतायी थी। हालांकि, यह पहले से ही तय माना जा रहा था कि संजीव सिंह के बदले उनकी पत्नी रागिनी सिंह ही भाजपा के टिकट पर झरिया से चुनाव लड़ेंगी।
गौरतलब है कि सिंह मैंशन की बहू रागिनी सिंह पहले से ही जनसंपर्क अभियान में लगी थीं। वहीं, जिले के अन्य विधानसभा सीटों को लेकर असमंजस की स्थिति थी। अकेले धनबाद विस क्षेत्र से ही भाजपा के टिकट के लिए कई दावेदार थे। बता दें कि रागिनी का मुकाबला कांग्रेस की पूर्णिमा सिंह से है। पूर्णिमा पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की पत्नी हैं।