Jharkhand: देवघर से पटना के लिए शुरू हुई हवाई सेवा, रांची समेत कई अन्य शहरों के लिए भी जल्द शुरू होंगी सेवाएं

देवघर से पटना के लिए उड़ान सेवा शुरू हो गई है। पहली बार पटना के लिए सफर कर रहे यात्रियों में खासा उत्साह देखा गया। एयरपोर्ट पहुंचने पर इन यात्रियों का एयरपोर्ट के कर्मियों वे इंडिगो एयरलाइंस के कर्मियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 26 Mar 2023 04:00 PM (IST) Updated:Sun, 26 Mar 2023 04:00 PM (IST)
Jharkhand: देवघर से पटना के लिए शुरू हुई हवाई सेवा, रांची समेत कई अन्य शहरों के लिए भी जल्द शुरू होंगी सेवाएं
बाबा की नगरी से पटना के लिए पहली बार हवाई जहाज ने भरी उड़ान।

जागरण संवाददाता, देवघर: देवघर से पटना के लिए उड़ान सेवा शुरू हो गई है। रविवार को बाबा नगरी से पहली बार पटना के लिए हवाई जहाज ने उड़ान भरी। पहले दिन यहां से जो यात्री गए उनमें से कुछ को पटना, कुछ को पटना के रास्ते देश के दूसरे शहरों में जाना था। वहीं एक व्यक्ति ऐसे भी थे जिन्हें यहां से पटना के रास्ते दुबई जाना था।

यात्रियों में देखा गया उत्साह

पहली बार पटना के लिए सफर कर रहे यात्रियों में खासा उत्साह देखा गया। एयरपोर्ट पहुंचने पर इन यात्रियों का एयरपोर्ट के कर्मियों वे इंडिगो एयरलाइंस के कर्मियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यात्रियों को फूलों की माला पहनाई गई और मिठाई भी खिलाई गई। बता दें कि पटना के लिए हवाई जहाज हफ्ते में चार दिन चलेगी। ये फ्लाइट सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार हो होगा।

76 सीटर हवाई जहाज का कितना है किराया

76 सवारी की क्षमता वाला ये हवाई जहाज कोलकाता से यहां आएगा। यहां से ये पटना जाएगा। वहां से वापस देवघर आएगा और फिर कोलकाता वापस लौट जाएगा। देवघर से पटना तक का सफर करीब एक घंटे में पूरा होगा। जब इंडिगो ने प्लाइट का शेड्यूल जारी किया था तो इस सफर का किराया 2200 था और वर्तमान में 2900 के करीब है।

हफ्ते में तीन उपलब्ध रहेगी हवाई सेवा

बता दें कि सोमवार से राज्य की सांस्कृतिक नगरी देवघर से राजधानी रांची के लिए भी हवाई जहाज की सेवा शुरू हो जाएगी। ये फ्लाइट सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को रहेगा।

क्या बोले देवघर एयरपोर्ट के निदेशक

पटना के लिए हवाई सेवा शुरू होने के वक्त मौजूद देवघर एयरपोर्ट के निदेशक संदीप ढींगरा ने कहा कि दिल्ली और कोलकाता के बाद अब पटना के लिए भी विमान सेवा शुरू हो गई है।यहां से काफी लोग बाबा भोले का दर्शन करने आते हैं और उन्हें प्लेन सेवा शुरू होने से आने में आसानी होगी।

वहीं सोमवार से रांची के लिए विमान सेवा शुरू हो जाएगी। कई अन्य जगहों के लिए स्लॉट जारी किया गया है। देवघरवासियों को जल्द ही और खुशखबरी मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में और जगहों के लिए यहां से विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद है।

15 मिनट की दूरी से पहुंचा प्लेन

देवघर से पटना जाने वाला हवाई जहाज कोलकाता से यहां पहुंचा। इसे सुबह 10:55 मिनट पर देवघर एयरपोर्ट पर उतरना था। कोलकाता से प्लाइट ने सही समय पर उड़ान भरी। रास्ते में भी ये समय पर ही चल रही थी। इस दौरान दुमका जिला अंतर्गत नोनीहाट के पास पहुंचने पर प्लेन हवा में चक्कर काटने लगी।

यहां प्लेन ने हवा में पांच चक्कर काटा। इस कारण ये देवघर एयरपोर्ट में करीब 15 मिनट की देरी से 11.10 मिनट पर पहुंची। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक एटीसी से तकनीकी क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण ये देर हुई। इस कारण प्लेन करीब 15 मिनट की दूरी से पटना के लिए रवाना हुई। लोग एयरपोर्ट पर प्लाइट के लैंड करने का बेसब्री से इंतजार करते नजर आए।

काफी खुश नजर आए यात्री

देवघर से पटना के लिए सफर कर रहे कुछ यात्रियों से जागरण की टीम ने बात की। ये यात्री देवघर से पटना के लिए हवाई सेवा शुरू हो जाने से काफी खुश व उत्साहित नजर आ रहे थे।

ऐसी ही एक यात्री डॉक्टर माथुरी झा ने बताया कि मैं पटना से यहां पूजा करने आई थी। रैडम ऑन लाइन चेक किया तो पता चला कि यहां से पटना के लिए प्लाइट सेवा शुरू हो रही है तो टिकट बुक करा लिया। इस सेवा के शुरू होने से मैं काफी खुश हूं। अब आसानी से बाबा भोले के दर्शन करने आ सकूंगी।

वहीं राकेश जैन ने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा कि मैं भागलपुर का रहने वाला हूं। मैं बासुकीनाथ व देवघर में बाबा भोले का दर्शन करने आया था। यहां से पटना जा रहा हूं। वहां से वापस भागलपुर लौटना है। देवघर से पटना के लिए प्लाइट होने से लोगों को काफी सहूलियत होगी।

विजय कुमार सिंह अपना अनुभव साझा करते हुए कहते हैं कि मैं देवघर का रहने वाला है। वर्तमान में दुबई में रहता हूं। यहां से पटना जा रहा है। वहां रुकने के बाद दुबई चला जाउंगा। यहां से पटना व अन्य जगहों के लिए हवाई सेवा शुरू हो जाने से आने जाने में काफी आसानी होगी।

chat bot
आपका साथी