पारा शिक्षकों की हड़ताल से बच्चों के निवाले पर आफत

पारा शिक्षकों की हड़ताल से बच्चों के निवाले पर आफत आ गई है। शुक्रवार से जिले के 1021 स्कूलों में मध्याह्न भोजन के लिए चूल्हा नहीं जला है। इन स्कूलों में ताला लटका हुआ है। यह सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय पारा शिक्षकों के भरोसे संचालित होते हैं। इन विद्यालयों में एक लाख से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। बच्चे निर्धारित समय पर विद्यालय तो आ रहे हैं, लेकिन ताला लटका देखकर बैरंग वापस लौट जा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Nov 2018 05:48 PM (IST) Updated:Sat, 17 Nov 2018 07:05 PM (IST)
पारा शिक्षकों की हड़ताल से बच्चों के निवाले पर आफत
पारा शिक्षकों की हड़ताल से बच्चों के निवाले पर आफत

चतरा : पारा शिक्षकों की हड़ताल से बच्चों के निवाले पर आफत आ गई है। शुक्रवार से जिले के 1021 स्कूलों में मध्याह्न भोजन के लिए चूल्हा नहीं जला है। इन स्कूलों में ताला लटका हुआ है। यहां सभी प्राथमिक व मध्य विद्यालय पारा शिक्षकों के भरोसे संचालित होते हैं। इन विद्यालयों में एक लाख से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। बच्चे निर्धारित समय पर विद्यालय तो आ रहे हैं, लेकिन ताला लटका देखकर बैरंग वापस लौट जा रहे हैं। यही हाल माता समिति के सदस्यों की है। भोजन बनाने के लिए निर्धारित समय पर आ रही हैं, लेकिन बगैर चूल्हा जलाए वापस लौट जा रही है। चूंकि मध्याह्न भोजन की सारी व्यवस्थाएं पारा शिक्षक के हाथों में है। इस प्रकार प्राथमिक और मध्य विद्यालयों का पठन पाठन पूरी तरह से ठप पड़ा है। पारा शिक्षक मांगों के समर्थन में आंदोलित हैं। राज्य स्थापना दिवस पर रांची में आंदोलित पारा शिक्षकों पर लाठी चार्ज किए जाने के बाद से वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। जिले में पारा शिक्षकों की संख्या 3668 है। आंदोलित पारा शिक्षकों ने शाम को जिला एवं प्रखंड मुख्यालय में विरोध स्वरूप मशाल जुलूस निकाला और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इधर सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटा हुआ है। शनिवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त सुरेंद्र कुमार चतरा प्रवास के दौरान पूरी स्थिति की समीक्षा की। विकास भवन स्थित उप विकास आयुक्त के कार्यालय में उन्होंने इस विषय को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और कई दिशा निर्देश दिए। कहा कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई और मध्याह्न भोजन प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय बंद पाए गए या मध्याह्न भोजन ठप रहा, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाइ की जाएगी। उप विकास आयुक्त सह प्रभारी उपायुक्त मुरली मनोहर प्रसाद ने आयुक्त को बताया कि हड़ताल के कारण 1021 प्रभावित है। इन सभी स्कूलों में सहायक शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, साक्षरताकर्मियों का पदस्थापन कर दिया गया है। सोमवार से कोई भी स्कूल बंद नहीं रहेगा। आयुक्त ने उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया है कि स्कूलों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लें। यदि स्कूल बंद मिलता है, तो प्रतिनियुक्त संबंधित शिक्षक एवं संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई करें। वहीं सरकारी शिक्षकों ने प्रतिनियुक्ति का विरोध किया है। उनका कहना है कि यह संभव नहीं है कि दूसरे स्थान पर जाकर बंद स्कूलों को खुलवाया जाए।

chat bot
आपका साथी